647 KM की रेंज और 10 एयरबैग के साथ आई Skoda Peaq EV, 28 मिनट में होगी 80% चार्ज

 | 
647 KM की रेंज और 10 एयरबैग के साथ आई Skoda Peaq EV, 28 मिनट में होगी 80% चार्ज

Udaipur Times, Automobile News, Skoda Peaq EV : चेक कार निर्माता Skoda Auto ने अपनी नई फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक एसयूवी Skoda Peaq EV से पर्दा उठा दिया है। यह कंपनी की अब तक की सबसे प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी है, जिसे वैश्विक बाजार में Kia EV9, Hyundai Ioniq 9 और Volvo EX90 जैसी लग्जरी इलेक्ट्रिक एसयूवी को टक्कर देने के लिए तैयार किया गया है। खास बात यह है कि स्कोडा इस इलेक्ट्रिक एसयूवी को भारतीय बाजार में लॉन्च करने की संभावना भी तलाश रही है।

तीन वेरिएंट और दो बैटरी पैक में आएगी SUV

Skoda Peaq EV को अंतरराष्ट्रीय बाजार में 60, 90 और 90x वेरिएंट में पेश किया गया है।

60 वेरिएंट में 63kWh बैटरी पैक दिया गया है, जो सिंगल मोटर के साथ 204 हॉर्सपावर की ताकत पैदा करता है। इसकी दावा की गई रेंज 459 किलोमीटर है।

90 वेरिएंट में 91kWh बैटरी पैक मिलता है, जो 286 हॉर्सपावर की पावर और 647 किलोमीटर तक की रेंज देने में सक्षम है।

90x वेरिएंट इस लाइनअप का सबसे पावरफुल मॉडल है, जिसमें डुअल मोटर ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम दिया गया है। यह 299 हॉर्सपावर की ताकत पैदा करता है और एक बार चार्ज करने पर 613 किलोमीटर तक की रेंज देता है।
कंपनी के अनुसार, टॉप वेरिएंट 90x महज 6.7 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकता है।

फास्ट चार्जिंग से 28 मिनट में 80 प्रतिशत चार्ज

Skoda Peaq EV फास्ट चार्जिंग तकनीक से लैस है। 91kWh बैटरी को 199kW डीसी फास्ट चार्जर की मदद से 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज करने में सिर्फ 28 मिनट का समय लगता है। वहीं, 63kWh बैटरी पैक को 160kW डीसी चार्जर से 27 मिनट में 80 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकता है।

आकर्षक डिजाइन और दमदार रोड प्रेजेंस

करीब 4.9 मीटर लंबी इस इलेक्ट्रिक एसयूवी को स्कोडा की नई Modern Solid डिजाइन लैंग्वेज पर तैयार किया गया है। इसमें ग्लॉस ब्लैक 'टेक डेक' फ्रंट फेस, टी-शेप मैट्रिक्स एलईडी हेडलाइट्स, फ्लश डोर हैंडल, 19 से 21 इंच तक के एयरो-ऑप्टिमाइज्ड अलॉय व्हील और स्लिम एलईडी टेललाइट्स दी गई हैं।

7-सीटर लेआउट और बड़ा बूट स्पेस

Skoda Peaq EV को 7-सीटर कॉन्फिगरेशन में पेश किया गया है। सभी सीटें उपयोग में होने पर इसमें 299 लीटर का बूट स्पेस मिलता है, जबकि तीसरी पंक्ति की सीटें फोल्ड करने पर यह बढ़कर 935 लीटर तक पहुंच जाता है। इसके अलावा 37 लीटर का फ्रंक (फ्रंट ट्रंक) भी दिया गया है।

फीचर्स से भरपूर केबिन

इलेक्ट्रिक एसयूवी के इंटीरियर में 13.6 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और हीटेड टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील दिया गया है।

इसके अलावा इसमें कई प्रीमियम फीचर्स मिलते हैं, जिनमें 16-स्पीकर Sonos साउंड सिस्टम,डुअल वायरलेस फोन चार्जर, पैनोरमिक सनरूफ, तीनों रो में यूएसबी चार्जिंग पोर्ट, डिजिटल की फीचर, बाय-डायरेक्शनल चार्जिंग, एआर बेस्ड हेड-अप डिस्प्ले, मसाज फंक्शन वाली सीटें, वेलनेस और रिलैक्सेशन मोड शामिल हैं। 

सुरक्षा में भी आगे

सुरक्षा के लिहाज से Skoda Peaq EV में 10 एयरबैग, 360 डिग्री कैमरा, एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS), ऑटो पार्क असिस्ट और कई आधुनिक सुरक्षा तकनीकें दी गई हैं।

भारत में लॉन्च की संभावना

Skoda Auto India के ब्रांड डायरेक्टर ने संकेत दिए हैं कि कंपनी अपने वैश्विक पोर्टफोलियो को भारत में लाने की योजना पर काम कर रही है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि Skoda Peaq EV को भारत में सीबीयू (Completely Built Unit) के रूप में पेश किया जा सकता है।

ब्रिटेन में इस इलेक्ट्रिक एसयूवी की शुरुआती कीमत लगभग 51,980 पाउंड यानी करीब 65 लाख रुपये है। यदि इसे भारत में लॉन्च किया जाता है, तो यह प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में एक नया विकल्प बन सकती है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News