जल्द लॉन्च होगा नई मारुति ब्रेजा 2026 का फेसलिफ्ट, पैनोरमिक सनरूफ के साथ मिलेंगे ये खास फीचर्स
Udaipur Times, Automobile News, Maruti Suzuki Brezza Facelift : देश की लोकप्रिय कॉम्पैक्ट एसयूवी Maruti Suzuki Brezza का 2026 फेसलिफ्ट मॉडल जल्द भारतीय बाजार में दस्तक दे सकता है। पिछले कुछ महीनों से इसकी टेस्टिंग लगातार देखी जा रही है, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि कंपनी जल्द ही इसे लॉन्च कर सकती है। नई ब्रेजा में डिजाइन और फीचर्स के साथ कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं, लेकिन सबसे बड़ा आकर्षण टर्बो-पेट्रोल इंजन और एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) हो सकता है।
ADAS से बढ़ेगी सुरक्षा
नई ब्रेजा के एक टेस्ट मॉडल में फ्रंट ग्रिल के बीच में रडार मॉड्यूल देखा गया है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि इसमें ADAS सेफ्टी फीचर्स दिए जाएंगे। इसके तहत एडाप्टिव क्रूज कंट्रोल, लेन कीप असिस्ट, ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग और फॉरवर्ड कोलिजन वार्निंग जैसे फीचर्स मिल सकते हैं।
इस सेगमेंट में पहले से ही Kia Sonet, Hyundai Venue, Tata Nexon और Mahindra XUV 3XO ADAS फीचर्स ऑफर कर रहे हैं। ऐसे में यह अपडेट ब्रेजा को प्रतिस्पर्धा में और मजबूत बनाएगा।
मिलेगा नया टर्बो-पेट्रोल इंजन
नई ब्रेजा में Maruti Suzuki Fronx का 1.0-लीटर, तीन-सिलेंडर बूस्टरजेट टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है। यह इंजन 100 पीएस की पावर और 147.6 एनएम का टॉर्क पैदा करता है। माना जा रहा है कि यह इंजन चुनिंदा वेरिएंट्स में उपलब्ध होगा।
छोटे इंजन की वजह से इन वेरिएंट्स को सब-4 मीटर पेट्रोल कारों के लिए लागू 18 प्रतिशत जीएसटी स्लैब का लाभ भी मिल सकता है।
CNG मॉडल में बढ़ेगा बूट स्पेस
कंपनी ब्रेजा के CNG वर्जन में अंडरबॉडी टैंक कॉन्फिगरेशन दे सकती है। इससे बूट स्पेस पहले की तुलना में ज्यादा मिलेगा। इसके अलावा मौजूदा 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन और फैक्ट्री-फिटेड CNG विकल्प भी जारी रहेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, SUV में नया 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स भी दिया जा सकता है।
फीचर्स में होंगे बड़े बदलाव
नई ब्रेजा फेसलिफ्ट में 10.1-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, हेड-अप डिस्प्ले (HUD), वायरलेस फोन चार्जर, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, पैनोरमिक सनरूफ, 360-डिग्री कैमरा और नए सीट अपहोल्स्ट्री व इंटीरियर ट्रिम्स दिए जा सकते हैं।
कीमत में मामूली बढ़ोतरी संभव
नए फीचर्स और तकनीक को देखते हुए 2026 मारुति ब्रेजा फेसलिफ्ट की कीमत में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। लॉन्च के बाद यह SUV भारतीय बाजार में Skoda Kylaq समेत अपने मौजूदा प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी टक्कर देती रहेगी।
नई ब्रेजा में मिलने वाले टर्बो इंजन, ADAS और प्रीमियम फीचर्स इसे मारुति सुजुकी की अब तक की सबसे उन्नत कॉम्पैक्ट एसयूवी बना सकते हैं।
