नाथद्वारा-देवगढ़ नई रेल लाइन पर जुलाई में होगा 120 KM/H स्पीड ट्रायल

रेलवे ने जारी की चेतावनी, लोगो को ट्रैक से दूर रहने की सलाह 
 
 | 
Nathdwara Deogarh Project

 

Udaipur Times, Railway News: 10 जुलाई 2026। मेवाड़-मारवाड़ को जोड़ने वाली उत्तर पश्चिम रेलवे की बहुप्रतीक्षित परियोजना नाथद्वारा-देवगढ़ मदारिया आमान परिवर्तन परियोजना अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। परियोजना के तहत जुलाई माह में नाथद्वारा से तावा-मारवाड़ जंक्शन रेलखंड पर नई रेल लाइन का हाई स्पीड ट्रायल किया जाएगा। इस दौरान विशेष ट्रेनें 120 किलोमीटर प्रति घंटा या उससे अधिक की गति से संचालित की जाएंगी।

रेलवे ने पशुपालकों, वाहन चालकों और ग्रामीणों से आग्रह किया है कि वे बच्चों और मवेशियों को ट्रैक के समीप नहीं जाने दें तथा केवल रेलवे और प्रशासन की ओर से जारी अधिकृत सूचनाओं पर ही भरोसा करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि परीक्षण के दौरान ट्रेनों की गति सामान्य से कहीं अधिक होगी, इसलिए थोड़ी सी असावधानी भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।

हाई स्पीड ट्रायल को सुरक्षित और सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन तथा संबंधित विभागों के सहयोग से जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस परीक्षण की सफलता के बाद नाथद्वारा-देवगढ़ मदारिया रेलखंड पर नियमित रेल संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा, जिससे मेवाड़ क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी और यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय व्यापार एवं पर्यटन क्षेत्र को भी फायदा मिलेगा। 


 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News