18 विदेशी मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने उदयपुर की खूबसूरती को कैमरे में कैद किया
Udaipur Times, Udaipur Tourism: उदयपुर की झीलों, मंदिरों, हवेलियों और ऐतिहासिक विरासत ने 18 देशों से आए मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स को खासा प्रभावित किया। मंगलवार को विदेशी मेहमानों ने उदयपुर की गलियों और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने शहर की खूबसूरती को कैमरे में कैद किया और सहेलियों की बाड़ी में रील्स भी बनाईं।
उदयपुर की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत से प्रभावित इन्फ्लुएंसर्स ने कहा कि वे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए शहर की खूबसूरती और ऐतिहासिक विरासत को दुनिया तक पहुंचाएंगे। विदेशी मेहमानों ने शहर की झीलों, मंदिरों, हवेलियों और राजस्थानी संस्कृति के फोटो और वीडियो बनाए।
रोप-वे से पिछोला झील के नजारे किए कैमरे में कैद
इन्फ्लुएंसर्स ने दूधतलाई स्थित रोप-वे की सवारी की। रोप-वे के दौरान उन्होंने प्रकृति और पिछोला झील के खूबसूरत नजारों के वीडियो शूट किए। इसके बाद उन्होंने करणीमाता मंदिर पहुंचकर मंदिर और उसके इतिहास की जानकारी ली।
पुरानी गलियों और बाजारों में किया हेरिटेज वॉक
इन्फ्लुएंसर्स ने बागोर की हवेली से गणगौर घाट तक हेरिटेज वॉक किया। इस दौरान उन्होंने शहर की पुरानी गलियों और बाजारों को करीब से देखा। विदेशी मेहमानों ने स्थानीय बाजार में जमकर खरीदारी की। उन्होंने मेहंदी डिजाइन में रुचि दिखाई और चूड़ी बाजार से भी खरीदारी की।
कई विदेशी इन्फ्लुएंसर्स ने राजस्थानी साफा पहनकर खुद को मेवाड़ी रंग में रंग लिया। इसके अलावा उन्होंने विंटेज कार म्यूजियम का भी भ्रमण किया।
सहेलियों की बाड़ी में बनाई रील्स
सहेलियों की बाड़ी पहुंचने पर इन्फ्लुएंसर्स का उत्साह और बढ़ गया। हल्की बारिश के बीच फाउंटेन और छतरियों के बीच उन्होंने रील्स बनाईं और उदयपुर की खूबसूरती को कैमरे में कैद किया।
गाइड ने सहेलियों की बाड़ी का इतिहास बताते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि यह सखियों का बाग है, जिसके बाद सभी इन्फ्लुएंसर्स हंस पड़े। इसके बाद महिला इन्फ्लुएंसर को सबसे पहले आगे बढ़ाया गया।
गाइड चिन्मय दीक्षित और मांगू खान ने इन्फ्लुएंसर्स को सहेलियों की बाड़ी के इतिहास और इसकी विशेषताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विदेशी मेहमानों ने उदयपुर की संस्कृति, वास्तुकला और प्राकृतिक सौंदर्य की जमकर सराहना की।
