अहमदाबाद 17 जून 2025 । 12 जून 2025 को अहमदाबाद विमान हादसे के 5 दिन बाद आज 17 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की पहली फ्लाइट रद्द कर दी गई है। इसके पीछे तकनीकी खराबी को वजह बताया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फ्लाइट संख्या AI-159 अहमदाबाद से दोपहर 1:10 बजे लंदन के लिए उड़ान भरने वाली थी। जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट के टेकऑफ से कुछ घंटे पहले ही इस तकनीकी खराबी का पता चला। आज की फ्लाइट कल रिशेड्यूल की जाएगी। इसके चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पद रहा हैं।
3 दिन में 6 फ्लाइट प्रभावित हुईं
सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में सोमवार रात को तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते यात्रियों को मंगलवार सुबह कोलकाता एयरपोर्ट पर प्लेन से उतारना पड़ा। फ्लाइट नंबर AI180 कोलकाता होते हुए मुंबई जा रही थी। बोइंग 777-200LR (वर्ल्डलाइनर) विमान 17 जून को रात 12:45 बजे समय पर कोलकाता पहुंचा था। इसे मुंबई के लिए रात 2:00 बजे रवाना होना था।
विमान के बाएं इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण टेकऑफ में देरी हुई। इसके बाद सुबह करीब 5:20 बजे कैप्टन ने यात्रियों से कहा गया कि वे प्लेन से नीचे उतर जाएं। उन्होंने बताया कि यह फैसला फ्लाइट सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
मस्कत (ओमान) से कोच्चि होते हुए दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद नागपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई है। एयरलाइंस को सूचना मिली थी कि विमान में बम रखा गया है। इसके बाद फ्लाइट को नागपुर डायवर्ट किया गया और लैंड कराया गया। नागपुर के DCP लोहित मातानी ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया है और विमान की तालाशी ली जा रही है। हालांकि, अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
16 जून-एअर इंडिया की दो फ्लाइट्स को वापस लौटना पड़ा
पहली फ्लाइट: हॉन्गकॉन्ग से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट (नंबर AI315) वापस लौट गई थी। इसमें तकनीकी खराबी की बात सामने आई थी। यह उड़ान बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर की थी।
दूसरी फ्लाइट: दिल्ली से रांची जाने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को संदिग्ध तकनीकी समस्या के कारण उड़ान भरने के तुरंत बाद वापस दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया। बोइंग 737 मैक्स 8 विमान को शाम 6:20 बजे रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर उतरना था।
15 जून- ब्रिटिश एयरवेज और लुफ्थांसा एयरलाइन की दो फ्लाइट्स वापस लौटीं
पहली फ्लाइट: ब्रिटिश एयरवेज के चेन्नई आ रहे बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर को तकनीकी खराबी के चलते लौटना पड़ा।
दूसरी फ्लाइट: लुफ्थांसा एयरलाइन (जर्मनी) के बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके चलते प्लेन को लैंडिंग की परमिशन नहीं मिली और लौटना पड़ा।
इधर, लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर रविवार सुबह सऊदी अरबिया एयरलाइंस की फ्लाइट SV-3112 की लैंडिंग के दौरान पहिए से चिनगारी और धुआं निकलने लगा। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को इसकी सूचना दी। इस दौरान विमान में हजयात्री बैठे हुए थे। पायलट ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए विमान को रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
एयरपोर्ट की फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर फोम और पानी का छिड़काव किया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद स्थिति पर पूरी तरह काबू पाया। घटना का वीडियो सोमवार सुबह सामने आया।
विमान शनिवार रात 11:30 बजे जेद्दा एयरपोर्ट से हज यात्रियों को लेकर रवाना हुआ था। इसमें क्रू मेंबर्स समेत 250 यात्री सवार थे। रविवार सुबह 6:30 बजे विमान लखनऊ पहुंचा। रनवे पर लैंडिंग के बाद जब विमान टैक्सी-वे पर आ रहा था, तभी यह घटना हुई।
तीन दिन पहले एअर इंडिया फ्लाइट में 5 घंटे बिना AC के रहे पैसेंजर
एअर इंडिया एक्सप्रेस की दुबई से जयपुर आने वाली फ्लाइट IX-196 में पैसेंजर्स को 5 घंटे से ज्यादा समय तक बिना एयर कंडीशनर (AC) के बैठाए रखा गया। इस दौरान उन्हें पीने का पानी या अन्य किसी तरह की मदद नहीं मिली। इसका वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
फ्लाइट में 150 से ज्यादा पैसेंजर थे। फ्लाइट 13 जून की शाम 7:25 बजे दुबई से जयपुर के लिए रवाना होना था, लेकिन तकनीकी खराबी की वजह से यह रात 12:44 बजे उड़ान भर सकी। जयपुर एयरपोर्ट पर यह फ्लाइट 14 जून की सुबह पहुंची।
Source: Media Reports
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal