जयपुर-दुबई के बीच एयर कनेक्टिविटी होगी बेहतर, UAE-राजस्थान टूरिज्म और इन्वेस्टमेंट राउंड टेबल बैठक

 | 
Jaipur Dubai AIr Connectivity

 

Udaipur Times, Tourism News: जयपुर के रामबाग पैलेस होटल में UAE-राजस्थान टूरिज्म और इन्वेस्टमेंट राउंड टेबल बैठक मे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक-अल-मरी के साथ शिरकत की। इस दौरान उन्होंने यूएई को राजस्थान में ऊर्जा, हॉस्पिटिलिटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

अब्दुल्ला बिन तौक-अल-मरी ने भारत के प्रति अपने लगाव को रेखांकित करते हुए कहा कि यहां के व्यंजन अद्भुत हैं, विशेषकर राजस्थान की काजूकतली। उन्होंने कहा कि हॉस्पिटिलिटी का राजस्थान की तरह ही UAE में बड़ा योगदान है। UAE की कंपनियां राजस्थान के हॉस्पिटिलिटी में निवेश करने को इच्छुक हैं। साथ ही, हम जयपुर और दुबई के बीच हवाई सेवाओं को और बेहतर बनाना चाहते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किले, महल, हवेलियों, रेगिस्तान, अभ्यारण्य, जेम्स एंड ज्वेलरी, हैंडिक्राफ्ट, टैक्सटाइल्स, खनिज से समृद्ध राजस्थान में UAE की कंपनियों के लिए निवेश की अपार संभावनाएं हैं। राजस्थान में निवेश के लिए प्रदेश सरकार हर संभव सहयोग करेगी। यहां निवेश करने पर केवल फायदा ही होगा, नुकसान नहीं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अनुकूल औद्योगिक वातावरण के लिए राजस्थान एयरोस्पेस एंड डिफेंस सहित कई नीतियां लागू की हैं। आज ऊर्जा के क्षेत्र में राजस्थान तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर है। सरकार ने शेखावाटी की 662 ऐतिहासिक हवेलियों को संरक्षण के लिए भी चिन्हित किया है।

मुख्यमंत्री ने UAE नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि खाड़ी संकट के दौरान UAE ने भारतीय समुदाय की सुरक्षा और आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा। उन्होंने कहा कि भारत और यूएई नेतृत्व के रिश्ते लगातार मजबूत हुए हैं। दोनों देशों के बीच पिछले दो वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार लगातार 100 अरब डॉलर से अधिक रहा है। उन्होंने कहा कि UAE में रहने वाले करीब 45 लाख भारतीय दोनों देशों के बीच एक मजबूत पुल हैं। इसमें राजस्थान के भी बहुत से प्रवासी शामिल हैं। 

UAE के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक-अल-मरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और महामहिम शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के रिश्ते बेहद खास हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार और UAE के मध्य कॉम्प्रिहेन्सिव इकोनॉमिक पार्टनरशिप एग्रीमेंट (CEPA) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। 

उन्होंने कहा कि UAE-राजस्थान टूरिज्म और इन्वेस्टमेंट राउंड टेबल बैठक भारत और UAE के बीच साझेदारी को और अधिक मजबूत करेगा। इस दौरान UAE के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन मंत्री ने मुख्यमंत्री को दुबई यात्रा के लिए आमंत्रित भी किया। 

बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पर्यटन शासन सचिव शुचि त्यागी, रोटाना होटल ग्रुप के मुख्य रणनीति एवं संपत्ति अधिकारी आमना अल नोवैस, जेए रिसॉर्ट्स एंड होटल्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राल्फ पोर्सियानी, धामानी ग्रुप के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ अमित धामानी, लैंडमार्क ग्रुप के सिटीमैक्स होटल्स एंड फूडमार्क के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राज राणा, मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स के राजस्थान स्टोर हेड सोनू जालम सहित यूएई राजस्थान के हॉस्पिटिलिटी क्षेत्र के प्रतिनिधिगण एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News