अजमेर की झीलें, लैपर्ड सफारी, तारागढ़ और नए टूरिस्ट पॉइंट पर्यटकों को करेंगे आकर्षित

 | 
Ajmer Tourism

 

Udaipur Times, Ajmer Tourism: राजस्थान के अजमेर अब विकास और पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान बनाने की ओर अग्रसर है। आने वाले समय में पर्यटकों को अजमेर घूमने के लिए कम से कम दो दिन का समय निकालना होगा। शहर की तीन झीलें, लैपर्ड सफारी, ऎतिहासिक तारागढ़ और विकसित किए जा रहे नए पर्यटन स्थल पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेंगे।

शिक्षा, पर्यटन, रोजगार, आधारभूत सुविधाओं और आईटी सहित प्रत्येक क्षेत्र में हो रहे विकास कार्य अजमेर को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। यह बात विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने रविवार को आयोजित दीपावली स्नेह मिलन समारोह में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।

देवनानी ने बताया कि ऐतिहासिक तारागढ़ को संरक्षित करने और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। यहां भव्य म्यूजियम, चौहान सम्राटों की आदमकद प्रतिमाएं, गार्डन, पार्किंग, कैफे सहित विभिन्न पर्यटन सुविधाएं विकसित करने की योजना है। इससे तारागढ़ को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिल सकेगी।

इसी प्रकार प्रकृति प्रेमियों के लिए लैपर्ड सफारी भी बेहतरीन टूरिस्ट पॉइंट के रूप में विकसित होगी एवं यहाँ तेंदुए, हिरण तथा अन्य कई जंगली जानवर आसानी से दिखेंगे। घाटी क्षेत्र में सनसेट प्वाइंट, सेल्फी प्वाइंट एवं अन्य पर्यटन स्थलों को नेचुरल लुक के साथ विकसित किए जा रहे हैं। सूरजपोल स्थित सम्राट पृथ्वीराज चौहान के अस्तबल क्षेत्र को भी व्यू पॉइंट के के साथ पर्यटकों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थलों पर बैठने एवं अल्पाहार की व्यवस्था विकसित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि वरुण सागर के सौंदर्यीकरण की योजना के तहत यहां भगवान वरुण की 17 फीट ऊंची एवं लगभग तीन टन वजनी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसका लोकार्पण अगले माह प्रस्तावित है। वरुण सागर के विकास को अजमेर को झीलों की नगरी के रूप में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। आनासागर, वरूण सागर और चौरसियावास झीलों का विकास पर्यटन को नए पंख देगा।

इसी प्रकार 8.50 करोड़ रुपये की लागत से जयपुर रोड पर भव्य प्रवेश द्वार एवं सौंदर्यीकरण कार्य किया जा रहा है। प्रवेश द्वार पर तीर्थराज पुष्कर, भगवान झूलेलाल, सम्राट अजयराज, सम्राट पृथ्वीराज एवं स्वामी दयानंद की प्रतिमाएं अंकित होंगी। यह अजमेर की ऎतहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बनेगा।

देवनानी ने कहा कि अजमेर में हो रहे विकास कार्य आने वाले समय में शहर की तस्वीर और तकदीर बदलेंगे। पर्यटन, आधारभूत सुविधाओं और रोजगार के नए अवसरों के माध्यम से अजमेर को एक विकसित एवं आकर्षक शहर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सभी से इस विकास यात्रा में सकारात्मक सहयोग एवं सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News