उदयपुर में टूरिज़्म मास्टर प्लान, नाइट फूड कोर्ट और नाथद्वारा तक सिटी बस चलाने की मांग

 | 
Hotel Association Demand Udaipur Tourism Facilities

 

Udaipur Times, Udaipur News: होटल एसोसिएशन उदयपुर के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पर्यटन विभाग की ज्वाइंट डायरेक्टर सुमिता सरोच से मुलाकात कर उदयपुर में पर्यटन विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की और शहर के पर्यटन को नई दिशा देने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

एसोसिएशन के सचिव विकास पोरवाल ने बताया कि अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए उदयपुर के लिए एक समग्र पर्यटन मास्टर प्लान तैयार करने की मांग रखी। इसमें पर्यटन स्थलों के विकास के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर, यातायात व्यवस्था और पर्यटकों के लिए पर्याप्त पार्किंग सुविधाओं को प्राथमिकता देने का सुझाव दिया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उदयपुर शहर के आसपास नए पर्यटन स्थलों को विकसित करने के साथ एडवेंचर जोन तैयार कर एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। इससे पर्यटकों के लिए नए आकर्षण विकसित होंगे और उनका उदयपुर में ठहराव भी बढ़ाया जा सकेगा। एसोसिएशन ने राजीव गांधी पार्क को विश्वस्तरीय उद्यान के रूप में विकसित करने की मांग भी रखी।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि हाल ही में उदयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा नेहरू गार्डन का सुंदर तरीके से नवीनीकरण किया गया है। इसी तर्ज पर राजीव गांधी पार्क का विकास किया जाए तो यह शहर में पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण केंद्र बन सकता है।

बैठक में शहर में रात्रिकालीन फूड कोर्ट विकसित करने का सुझाव भी दिया गया, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को शाम के बाद भी बेहतर खान-पान एवं मनोरंजन की सुविधा मिल सके।

होटल एसोसिएशन ने उदयपुर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण की आवश्यकता जताई। साथ ही पूर्व में स्थापित सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति में सुधार करने तथा मुख्य बाजार क्षेत्रों में विशेष रूप से महिला शौचालयों का निर्माण कराने की मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन विभाग से उदयपुर सहित राजस्थान के पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार को और व्यापक बनाने का आग्रह किया। इसके लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, ट्रैवल ब्लॉगर्स, डिजिटल क्रिएटर्स और अन्य आधुनिक माध्यमों के जरिए राजस्थान के पर्यटन स्थलों की ब्रांडिंग और प्रमोशन बढ़ाने का सुझाव दिया गया।

एसोसिएशन ने उदयपुर शहर से डबोक एयरपोर्ट के बीच संचालित सिटी बसों की संख्या बढ़ाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि एयरपोर्ट से शहर तक बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा पर्यटकों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी।

इसके साथ ही नगर निगम द्वारा संचालित इलेक्ट्रिक बस सेवा को एकलिंगजी तक किए गए विस्तार का स्वागत करते हुए इसे नाथद्वारा तक बढ़ाने का सुझाव दिया गया। इससे उदयपुर आने वाले पर्यटकों को श्रीनाथजी के दर्शन के लिए नाथद्वारा तक सुविधाजनक और सुलभ सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध हो सकेगा।

ज्वाइंट डायरेक्टर सुमिता सरोच ने प्रतिनिधिमंडल के सुझावों पर सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए कहा कि बाहर से आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए आवश्यक सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने पार्किंग, इंफ्रास्ट्रक्चर सहित पर्यटन से जुड़े विभिन्न विषयों पर उचित स्तर पर विचार करने की बात कही।

प्रतिनिधिमंडल में होटल एसोसिएशन उदयपुर के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष उषा शर्मा, सचिव विकास पोरवाल, अजय सिंह बोहेड़ा, मनीष गलुंडिया, सुदर्शन देव सिंह कारोही सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News