नवरात्रि मे व्रतधारियों को ट्रेनों मे मिल सकेगा बिना लहसुन-प्याज का सात्विक भोजन

 | 
Navratri Special Food avaiabel in train

 

 

Udaipur Times, Navratri, Railway News: रेलवे ने 11 से 20 अक्टूबर तक ट्रेनों के पेंट्रीकार व जंक्शन के खानपान केंद्रों पर बिना लहसुन-प्याज का सात्विक भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने की तैयारी की है।

रेलवे प्रशासन ने खानपान संचालकों को नवरात्र के दौरान मेनू में आवश्यक बदलाव करने के निर्देश दिए हैं। ताकि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान भी श्रद्धालु अपनी आस्था के अनुरूप भोजन कर सकें।

भोजन तैयार करने में सात्विकता व निर्धारित मानकों का ध्यान रखने पर जोर दिया गया है। यात्रियों को केला, सेब सहित अन्य फल, साबूदाने की खिचड़ी, साबूदाने की खीर, आलू-जीरा और कुट्टू की पकौड़ी जैसे व्यंजन उपलब्ध कराने की तैयारी है।

व्रतधारियों के लिए अलग-अलग विकल्प रखे गए हैं। पहली थाली में फल, पकौड़ी और दही, दूसरी में पराठा, साबूदाने की खिचड़ी और तीन प्रकार की सब्जियां मिलेंगी। तीसरी थाली में आलू की सब्जी, दो पराठे और साबूदाने की खीर, जबकि चौथी में आलू व पनीर के पराठे का विकल्प रहेगा। इसके अलावा सिंघाड़े के आटे और व्रत के मसालों से बने व्यंजन भी उपलब्ध होंगे।

रेलवे स्टेशनों पर फलाहार और भोजन की सुविधा तलाशने में यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए सूचना पट्टिकाएं और दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे। प्लेटफार्मों के साथ सर्कुलेटिंग एरिया में भी यात्रियों को खानपान केंद्रों की जानकारी देने की व्यवस्था की जाएगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News