फतहसागर से बड़ी झील तक बन सकता है ईको ट्रैक
Udaipur Times, Udaipur Eco Tourism: 17 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अभिनव पहल के तहत चलाए जा रहे पंच गौरव विकास कार्यक्रम की समीक्षा बैठक शुक्रवार को पंच गौरव विकास कार्यक्रम समन्वयक एवं जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट कक्ष में आयोजित हुई। इसमें उदयपुर जिले के समग्र एवं दीर्घकालिक विकास को नई गति देने के उद्देश्य से पंच गौरव कार्यक्रम के तहत विस्तृत और परिणामोन्मुखी कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा की गई।
प्रारंभ में जिला कलक्टर अग्रवाल ने पंच गौरव के के पांचों घटकों पर चालू वित्तीय वर्ष के लिए तैयार कार्ययोजना और प्रस्तावों की समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक घटक पर वर्तमान से लेकर अपेक्षित स्थिति तक एण्ड टू एण्ड कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने एक जिला एक गंतव्य के तहत पिछोला और फतहसागर झीलों पर ईको ट्यूरिज्म को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे कोई प्रस्ताव नहीं ले, जिससे झीलों के इर्दगिर्द अतिरिक्त सीमेंट-कंकरीट का ढांचा तैयार हो। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग करते हुए ईको ट्यूरिज्म को बढ़ावा देने, पार्किंग सुविधा, फतहसागर से बड़ी झील तक साइकिल ट्रेक या ईको ट्रेक जैसी सुविधाएं बढ़ाने के सुझाव दिए।
इसी प्रकार उन्होंने एक जिला एक खेल में तैराकी के तहत गत दिनों आयोजित टैलेन्ट सर्च और प्रशिक्षण जैसे नवाचारों को आगे बढ़ाने, चयनित प्रतिभाओं को स्कूल सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धाओं के लिए तैयार करने तक संपूर्ण कार्ययोजना बनाने को कहा, ताकि उसका परिणाम नजर आए।
जिला कलक्टर ने एक फल और एक वनस्पति प्रजाति के तहत क्रमशः सीताफल और महुआ के प्रोसेसिंग युनिट, मार्केटिंग आदि के जरिए आजीविका विस्तार पर भी फोकस करने को कहा। एक उत्पाद के तहत मार्बल-ग्रेनाइट उत्पादों के लिए राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शनियों में भागीदारी सहित अन्य गतिविधियों जोर दिया। साथ ही उन्होंने मार्बल-ग्रेनाइट उद्योग से जुड़ी समस्याओं जैसे स्लरी डम्पिंग आदि के समाधान की दिशा में कार्य करने की भी आवश्यकता जताई।
बैठक में नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, एडीएम (प्रशासन) दीपेंद्र सिंह राठौड़, पंच गौरव कार्यक्रम के नोडल अधिकारी तथा संयुक्त निदेशक सांख्यिकी पुनीत शर्मा सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
