हेरिटेज वॉक के साथ लिया देसी व्यंजनों का लुत्फ

विश्व शांति के संदेश के साथ मनाया पर्यटन दिवस

 | 
world tourism day

उदयपुर 27 सितंबर 2024। विश्व पर्यटन दिवस धूमधाम से मनाया गया। पर्यटन विभाग के तत्वावधान में विविध आयोजन हुए। इसमें हेरिटेज वॉक, लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रही।

पर्यटन उपनिदेशक शिखा सक्सेना ने बताया कि विश्व पर्यटन दिवस पर इस वर्ष संयुक्त राष्ट्र संघ की ओर से टूरिज्म एंड पीस थीम रखी गई है। इसके तहत शुक्रवार सुबह 7 से 9 बजे ओल्ड सिटी एरिया में हेरिटेज वॉक का आयोजन किया गया। इसमें देशी और विदेशी पर्यटकों ने हिस्सा लिया। गाइड एसोसिएशन एवं पर्यटन व्यवसाय से जुड़े व्यक्तियों के अलावा आम जन भी काफी संख्या में उपस्थित रहे। 

world tourism day

हेरिटेज वॉक जगदीश चौक से प्रारंभ होकर लाल घाट, गंगौर घाट, दाई जी की पुलिया होते हुए अमराई घाट पर समाप्त हुई। इसमें शहर की समृद्ध हेरिटेज के बारे में विस्तार से बताया गया। पीस थीम से पर्यटक काफी आकर्षित हुए और उत्साह के साथ वॉक में शामिल होते चले गए । इसके अतिरिक्त पर्यटकों को देसी व्यंजन जैसे रबड़ी कचौड़ी इत्यादि का स्वाद चखाया गया। हेरिटेज वॉक का संचालन श्री चिन्मय दीक्षित द्वारा किया गया।

पारंपरिक अंदाज में हुआ स्वागत

समारोह की अगली कड़ी में सहेलियों की बाड़ी, जगदीश चौक, आहड़ संग्रहालय में प्रातः 9 से 12 बजे तक देसी विदेशी पर्यटकों का स्वागत पारंपरिक तरीके से विभिन्न गाइड एसोसिएशन के साथ मिलकर स्वागत किया गया। विभाग द्वारा आमंत्रित लोक कलाकारों द्वारा कच्छी घोड़ी तथा कठपुतली का प्रदर्शन किया गया। इसके अतिरिक्त जगदीश चौक एवं राजकीय संग्रहालय आहाड़ में पर्यटकों का प्रवेश निशुल्क रखा गया जिसमें लगभग 150 से 200 पर्यटकों ने संग्रहालय का अवलोकन किया।

world tourism day

पौधरोपण, ड्राईंग स्पर्धा

उपनिदेशक शिखा सक्सेना ने बताया कि कार्यक्रमों की अगली श्रृंखला में शाम 4.30 बजे राज्य होटल प्रबंधन संस्थान में पौधरोपण किया गया। साथ ही चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसके अलावा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय किटोड़ा ग्राम पंचायत काया, उदयपुर में भी चित्रकला प्रतियोगिता रखी गई। विजेताओं को विभाग की ओर से पुरस्कृत किया गया।

पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर रोमांचित हुए निराश्रित बच्चे

world tourism day

पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य में निराश्रित राजकीय बाल गृह के 23 बच्चों को दोपहर में विभिन्न पर्यटन स्थलों का निशुल्क भ्रमण कराया गया। इसके तहत बच्चों के लिए गुलाब बाग में टॉय ट्रेन का भ्रमण विशेष रोमांचकारी अनुभव रहा। फिश एक्वेरियम बर्ड पार्क सहेलियों की बाड़ी में भी उन्हें भ्रमण कराया गया।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News