उदयपुर के गुलाब बाग में वाहनों के प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध

 | 
Vehicle Banned in Gulab Baag

Udaipur Times, Udaipur Local News: 13 जून 2026। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना द्वारा गुलाब बाग सार्वजनिक उद्यान के संरक्षण, रख-रखाव एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उद्यान परिसर में दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है। आयुक्त खन्ना के अनुसार यह निर्णय उद्यान की प्राकृतिक गरिमा, पर्यावरण संरक्षण तथा आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

नगर निगम  आयुक्त अभिषेक खन्ना के अनुसार वर्तमान में गुलाब बाग परिसर के भीतर स्थित विभिन्न राजकीय कार्यालयों के कर्मचारियों, धार्मिक स्थलों पर आने-जाने वाले व्यक्तियों तथा परिसर में निवासरत लोगों द्वारा नियमित रूप से वाहनों का आवागमन किया जा रहा है। इसके कारण उद्यान में भ्रमण के लिए आने वाले पर्यटकों, शहरवासियों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं बच्चों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। साथ ही वाहनों के लगातार आवागमन से उद्यान परिसर में वायु एवं ध्वनि प्रदूषण बढ़ रहा है, जिससे उद्यान का शांत, स्वच्छ एवं प्राकृतिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। 

आयुक्त खन्ना ने कहा कि गुलाब बाग उदयपुर की ऐतिहासिक एवं पर्यावरणीय धरोहरों में से एक है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं पर्यटक भ्रमण, व्यायाम एवं मनोरंजन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में उद्यान परिसर को प्रदूषणमुक्त एवं सुरक्षित बनाए रखना अति आवश्यक है। इसी ने मद्देनजर सभी प्रकार के वाहनो के प्रवेश पर प्रतिबंध करने का निर्णय लिया गया। निर्णय के तहत अब गुलाब बाग सार्वजनिक उद्यान परिसर में किसी भी प्रकार के दोपहिया एवं चारपहिया वाहन का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सिंह द्वार, टॉय ट्रेन द्वार तथा पीएचईडी कार्यालय के समीप उपलब्ध पार्किंग स्थलों पर नियमानुसार वाहनों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है।

विशेष परिस्थितियों में लेनी होगी अनुमति

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने स्पष्ट किया है कि विशेष परिस्थितियों अथवा अत्यावश्यक कार्य की स्थिति में वाहन प्रवेश हेतु पूर्व में लिखित अनुमति प्राप्त करनी होगी। अनुमति मिलने पर ही किसी वाहन को उद्यान परिसर में प्रवेश की अनुमति प्रदान की जाएगी।

प्रकृति प्रेमियों ने भी की शिकायतें

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि उनके द्वारा कई बार गुलाब बाग का निरीक्षण किया गया इस दौरान उद्यान में प्रकृति प्रेमियों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने वाहनों के आवागमन को लेकर हो रही असुविधा के बारे में अवगत कराया, इस विषय को भी ध्यान में रखते हुए आमजन के हित में वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध करने का निर्णय लिया गया है। 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News