रेलवे में दिव्यांग और बुजुर्ग यात्रियों के लिए मुफ्त व्हीलचेयर सुविधा
जानें कैसे करें IRCTC पोर्टल से ई-व्हीलचेयर बुकिंग, डिपॉजिट डिटेल्स और किन-किन स्टेशनों पर यह सुविधा उपलब्ध है
भारतीय रेलवे ने दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों और बीमार यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों पर मुफ़्त व्हीलचेयर सेवा उपलब्ध करवाई है। यह सुविधा यात्रियों को ट्रेन और प्लेटफॉर्म तक आसानी से पहुँचाने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अधिकांश बड़े स्टेशनों पर यह सेवा उपलब्ध है। यात्री स्टेशन मास्टर कार्यालय या रेलवे हेल्प डेस्क से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही कई प्रमुख स्टेशनों पर यात्री IRCTC पोर्टल से ई-व्हीलचेयर बुकिंग भी कर सकते हैं।
ऐसे ले सकते है सुविधा
- सबसे पहले irctc.co.in वेबसाइट खोलें
- "More" टैब पर क्लिक करें
- वहां "At Stations" सेक्शन में E-Wheelchair पर क्लिक करे
- अपना PNR नंबर डालें और "Search" पर क्लिक करें
- जरूरी डिटेल भरकर "Book" करें
- बुकिंग पूरी होने पर वाउचर मिलेगा, जिसे प्रिंट कर लें और स्टेशन पर दिखाकर व्हीलचेयर लें
कितने पैसे लगेंगे?
यह सुविधा यात्रियों को बिल्कुल फ्री दी जाती है। हालांकि, व्हीलचेयर लेने के समय यात्री या उनके सहायक को 500 रुपये की सिक्योरिटी डिपॉजिट और एक वैध सरकारी आईडी कार्ड देना होता है। यात्रा पूरी होने के बाद जब व्हीलचेयर वापस की जाती है, तो पैसे और आईडी लौटा दिए जाते हैं। यह सेवा पूरी तरह नि:शुल्क है, हालांकि अगर सहायक (कुली/अटेंडेंट) की मदद ली जाती है तो उसके लिए शुल्क अलग से लिया जा सकता है। रेलवे का कहना है कि यह पहल सुगम्य भारत अभियान के तहत सभी यात्रियों के लिए यात्रा को आसान बनाने हेतु चलाई जा रही है।
कौन ले सकता है ये सुविधा?
कोई भी यात्री जिसके पास कन्फर्म, RAC या आंशिक वेटिंग लिस्ट टिकट हो, वह ई-व्हीलचेयर बुक कर सकता है। इसके लिए अलग से किसी मेडिकल सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है।
कैंसलेशन के नियम
अगर बुकिंग के बाद यात्री का प्लान बदल जाता है, तो ई-व्हीलचेयर की बुकिंग कैंसल की जा सकती है। इसके लिए कोई चार्ज नहीं देना पड़ता।
यात्रियों को क्या फायदा होगा?
इस सर्विस से बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के सफर में बड़ी राहत मिलेगी। स्टेशन पर भीड़भाड़ में उन्हें धक्का-मुक्की से बचने में मदद मिलेगी। वहीं त्योहारों या छुट्टियों के दौरान जब स्टेशन पर पैदल चलना मुश्किल हो जाता है, तो यह सुविधा काफी काम आएगी।
रेलवे की बड़ी पहल
रेलवे ने ‘सुगम्य भारत अभियान’ के तहत स्टेशनों पर एस्केलेटर और लिफ्ट भी लगाए हैं, ताकि दिव्यांगजन और बुजुर्ग आसानी से प्लेटफॉर्म बदल सकें. ई-व्हीलचेयर सर्विस इसी प्रयास का हिस्सा है।
इन रेलवे स्टेशनो पर उपलब्ध है यह सुविधा
अहमदाबाद,आगरा कैंट, वडोदरा, वाराणसी, भुसावल, विजयवाड़ा, कानपुर सेंट्रल, मुंबई CST, मुंबई सेंट्रल, हावड़ा, इंदौर, झांसी, जयपुर, लखनऊ जंक्शन, लखनऊ, नई दिल्ली, नागपुर, पठानकोट कैंट, पुणे, बेंगलुरु सिटी, सिकंदराबाद, श्री माता वैष्णो देवी कटरा।
Source: Media Reports
#IndianRailways #IRCTC #EWheelchair #Accessibility #SeniorCitizenCare #Divyangjan #SugamyaBharat #RailwayServices #TravelIndia #PassengerSupport #UdaipurTimes
