महाराणा प्रताप से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों को मिलेगी नई पहचान, 100 करोड़ की परियोजना मंजूर

 | 
Maharana Pratap Tourist Circuit

Udaipur Times, Udaipur Tourism: 17 जून 2026। मेवाड़ के महान योद्धा वीरशिरोमणि महाराणा प्रताप के जीवन और बलिदान से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों को पर्यटन के नक्शे पर लाना और युवा पीढ़ी को अपनी विरासतों पर गौरवान्वित होने का अवसर प्रदान करने हेतु राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना  महाराणा प्रताप टूरिस्ट सर्किट को अधिक से अधिक प्रांसगिक और पीढ़ियों के लिए उपयोगी बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे है। Udaipur Tourism

इसके लिए प्रस्तावित टूरिज्म सर्किट के दायरे में आने वाले स्थलों, उनसे जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों के संबंध में विशेषज्ञों के साथ विचार-मंथन के साथ ही जनभावनाओं आदि का सघन परीक्षण कराया गया। राजस्थान धरोहर संरक्षण प्राधिकरण के माध्यम से प्रोजेक्ट के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की गई। करीब 100 करोड़ से भी अधिक की इस परियोजना का अनुमोदन भी हो चुका है तथा वित्तीय स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है। Maharana Pratap Tourist Circuit

विरासत संरक्षण और पर्यटन विकास का संगम

महाराणा प्रताप टूरिज्म सर्किट के माध्यम से हल्दीघाटी, दिवेर, गोगुन्दा एवं चावंड सहित महाराणा प्रताप के जीवन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर और अधिक प्रभावी ढंग से स्थापित किया जाएगा। परियोजना का उद्देश्य केवल ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण ही नहीं, बल्कि उन्हें आधुनिक पर्यटन अनुभवों से जोड़ना भी है। इस सर्किट के विकसित होने से पर्यटकों को महाराणा प्रताप के जीवन, संघर्ष, रणनीति और मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। साथ ही स्थानीय संस्कृति, लोक कला और पारंपरिक जीवन शैली को भी नया मंच प्राप्त होगा। Udaipur Tourism

राष्ट्रीय स्तर की एजेंसी से कराया जाएगा कार्य

राजस्थान धरोहर संरक्षण प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकारसिंह लखावत ने बताया कि परियोजना को विश्वस्तरीय स्वरूप देने के लिए राज्य सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्तर की अनुभवी और प्रतिष्ठित एजेंसी के माध्यम से कार्य कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे परियोजना के डिज़ाइन, प्रस्तुतीकरण, पर्यटन सुविधाओं और विरासत संरक्षण के कार्यों में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित होगी। आगामी एक-दो सप्ताह में इस पर अंतिम निर्णय होने की संभावना है तथा उसके तुरंत बाद परियोजना को धरातल पर साकार करने के लिए कदम बढ़ाए जाएंगे। Maharana Pratap Tourist Circuit

रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा संबल

महाराणा प्रताप टूरिज्म सर्किट के विकास से पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि होगी, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। होटल, परिवहन, हस्तशिल्प, गाइड सेवा, लोक कला एवं अन्य पर्यटन आधारित गतिविधियों को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा। Udaipur Tourism

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News