जयपुर-दुबई, दिल्ली-श्रीनगर और इंदौर-भुवनेश्वर फ्लाइट रद्द


जयपुर-दुबई, दिल्ली-श्रीनगर और इंदौर-भुवनेश्वर फ्लाइट रद्द

तकनीकी खराबियों के चलते फ्लाइट्स रद्द होने का सिलसिला जारी 

 
flight

नई दिल्ली 23 जून 2025 । एयर इंडिया और अन्य एयरलाइंस की फ्लाइट्स में तकनीकी खामी आने और अन्य वजहों से फ्लाइट्स रद्द होने का सिलसिला जारी है। आज सोमवार को एयर इंडिया एक्सप्रेस की दो फ्लाइट और इंडिगो की एक फ्लाइट को रद्द करना पड़ा। इनके अलावा, रविवार को एयर इंडिया की तीन फ्लाइट्स कैंसिल की गई थीं।

एयर इंडिया एक्सप्रेस की जयपुर से दुबई की फ्लाइट रद्द 

सोमवार को एयर इंडिया एक्सप्रेस की जयपुर से दुबई की फ्लाइट में टेक ऑफ से ठीक पहले कॉकपिट में तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद रनवे एरिया से पायलट ने फ्लाइट को फिर से एप्रन में पहुंचाया। इसमें 130 पैसेंजर्स सवार थे। 5 घंटे तक फ्लाइट को ठीक करने की कोशिश की गई। फिर भी सफलता नहीं मिली। इसके बाद दुबई की इस फ्लाइट को रद्द करने का फैसला लिया गया।

दिल्ली से जम्मू-श्रीनगर फ्लाइट रद्द 

एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली-जम्मू-श्रीनगर फ्लाइट जम्मू एयरपोर्ट पर लैंड किए बिना दिल्ली लौट गई। जानकारी के मताबिक फ्लाइट नंबर IX-2564 को श्रीनगर से पहले जम्मू में उतरना था। मौसम और रनवे साफ थे, लेकिन पायलट को उचित लैंडिंग पॉइंट नहीं मिला।

इंडिगो की इंदौर-भुवनेश्वर फ्लाइट रद्द 

सोमवार को इंदौर से भुवनेश्वर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6332 (एयरबस A320 नियो विमान) तकनीकी खराबी के चलते रनवे के बीच से लौट आई। फ्लाइट में 80 से ज्यादा यात्री सवार थे। विमान में माइनर टेक्निकल फॉल्ट की जानकारी सामने आई थी। सुधार के बाद विमान इंदौर से भुवनेश्वर के लिए रवाना हो गया है। विमान करीब ढाई घंटे तक रनवे पर खड़ा रहा। इस दौरान सभी यात्री विमान में ही बैठे रहे।

रविवार रात को एयर इंडिया की 3 फ्लाइट कैंसिल हुई थीं

तिरुवनंतपुरम से दिल्ली 

एयर इंडिया की तिरुवनंतपुरम से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट (AI 2455) को रविवार को कैंसिल कर दिया गया। दरअसल, यह फ्लाइट दिल्ली से तिरुवनंतपुरम आई थी। एयरपोर्ट पर लैंडिंग के समय पक्षी टकराने का शक था। इसके बाद वापसी की फ्लाइट को रद्द करना पड़ा। विमान की लैंडिंग के बाद उसमें पक्षी से टकराने का शक हुआ था। इसके बाद तकनीकी जांच करनी पड़ी। यात्रियों को होटल में ठहराया गया है और उन्हें रिफंड या नई बुकिंग दी जा रही है। दिल्ली जाने के लिए दूसरे इंतजाम भी किए जा रहे हैं।

इंदौर-दिल्ली एवं दिल्ली इंदौर फ्लाइट रद्द 

रविवार देर रात एयर इंडिया की इंदौर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI804 भी कैंसिल हो गई थी। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। वहीं, दिल्ली से इंदौर आने वाली एयर इंडिया की AI803 भी कैंसिल थी। यह फ्लाइट शाम 6.40 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरकर रात 8.15 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर लैंड करती है। यह दोनों ही फ्लाइट रविवार को किस वजह से रद्द हुईं, इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।
 

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal