सामने लबालब झील, फिर भी पानी को तरसते फव्वारे
उदयपुर 8 फ़रवरी 2026 । झीलों की नगरी उदयपुर में इन दिनों लगभग सभी प्रमुख झीलें लबालब भरी हुई हैं, लेकिन इसके बावजूद झीलों के किनारे बने पार्कों के फव्वारे सूखे पड़े हैं। फतहसागर झील के सामने स्थित गुरु गोविन्द सिंह पार्क और रानी रोड पर स्थित संजय गांधी पार्क के फव्वारे जिम्मेदारों की लापरवाही का शिकार बने हुए हैं।
फतहसागर झील में नेहरू गार्डन जाने वाली पुरानी नाव जेटी के सामने स्थित गुरु गोविन्द सिंह पार्क में कभी आकर्षक और कलात्मक फव्वारे हुआ करते थे, जो पर्यटकों और स्थानीय लोगों को खासा आकर्षित करते थे। आज भी ये फव्वारे संरचना के रूप में मौजूद हैं, लेकिन सामने लबालब झील होने के बावजूद इनमें पानी नहीं है।

पार्क में साफ-सफाई की व्यवस्था अपेक्षाकृत ठीक है और बैठने के लिए बेंच भी उपलब्ध हैं, लेकिन लाइट के पोल टूटे-फूटे पड़े हैं। कई पोलों पर इतनी मिट्टी जमी हुई है कि यदि लाइट चालू भी कर दी जाए तो रोशनी का कोई असर दिखाई नहीं देगा।
इसी तरह रानी रोड स्थित झील किनारे बना संजय गांधी पार्क, जो बनावट के लिहाज से बेहद खूबसूरत है, वहां भी फव्वारे लंबे समय से बंद पड़े हैं। इस पार्क में भी बैठने की व्यवस्था और प्रकाश की सुविधा तो मौजूद है, हालांकि कई स्थानों पर टाइल्स भी उखड़ी हुई है। लेकिन जो फव्वारे कभी इसकी पहचान हुआ करते थे, वे आज पानी को तरस रहे हैं।

झीलों से सुसज्जित उदयपुर जैसे पर्यटन शहर में इस तरह की अनदेखी न केवल शहर की छवि को नुकसान पहुंचा रही है, बल्कि पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों के लिए भी निराशाजनक है। अब जरूरत है कि संबंधित विभाग समय रहते इन फव्वारों को पुनः चालू कर पार्कों की खोई रौनक लौटाए।

#Udaipur #UdaipurNews #FatehSagarLake #LakeCityUdaipur #UdaipurTourism #PublicParks #CivicNegligence #DryFountains #UrbanNeglect #RajasthanNews #TourismIssues #SaveOurParks #CityInfrastructure