वंदे भारत को सूरत तक बढाने, मेवाड को दक्षिण भारत से जोडने की मांग, सांसद डॉ रावत ने की रेल मंत्री से मुलाकात

 | 
Udaipur Vande Bharat

 

Udaipur Times, Udaipur Railway News: सांसद मन्नालाल रावत ने बुधवार को दिल्ली में रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव के संसद भवन स्थित कार्यालय मुलाकात कर मेवाड की रेल संबंधी मांगों से अवगत करवाया। डॉ रावत ने उदयपुर से असारवा जाने वाली वंदे भारत को सूरत (गुजरात) तक बढ़ाने, मेवाड़ को दक्षिणी भारत से विविध ट्रेनों से जोड़ने, चित्तौड़गढ़ से देबारी रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण, उदयपुर से फालना, उदयपुर को सिरोही रोड,  उदयपुर से धरियावद होते हुए प्रतापगढ़ को नई रेलवे लाइन से जोड़ने के साथ ही उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर 2 लाख स्क्वायर मीटर एरिया को शॉपिंग मॉल के रूप में विकसित करने व एकलिंगपुरा के पास अंडरपास के समुचित सुदृढ़ीकरण की मांग रेल मंत्री के समक्ष रखी। रेल मंत्री ने इन मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वान दिया।

सांसद डॉ रावत ने रेल मंत्री को बताया कि उदयपुर से असारवा व असारवा से उदयपुर वंदे भारत ट्रेन 7 घन्टे से अधिक समय तक असारवा स्टेशन पर खड़ी रहती है। इसके पूर्ण उपयोग के लिए इसका विस्तार सूरत (गुजरात) तक किया जाना उचित होगा क्योंकि दक्षिण राजस्थान के मेवाड एवं वागड़ क्षेत्र से लाखों की संख्या में व्यापारीजन एवं आमजन विविध कार्यों के लिए लगातार सूरत एवं इसके आस-पास के क्षेत्र के लिए यात्रा करते है।

सांसद डॉ रावत ने बताया कि उदयपुर शहर के बालाजी विहार कॉलोनी, एकलिंगपुरा के मार्ग पर पड़ने वाला रेलवे पुल संख्या 204 (116/9) वर्तमान में छोटा एवं सकड़ा है, जिसके कारण क्षेत्र के कारण इस मार्ग पर यातायात बाधित रहने, सीवरेज हेतु नाला निर्माण इत्यादि की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में उदयपुर-उमरड़ा रेलवे मार्ग के दोहरीकरण का कार्य प्रगतिरत है। यदि इस दोहरीकरण कार्य के साथ ही क्षेत्र में पड़ने वाले रेलवे पुल संख्या 204 (116/9) की ऊंचाई एवं चौड़ाई बढ़ाई जाती है, तो क्षेत्रवासियों की उक्त समस्या का समाधान हो सकेगा।

सांसद डॉ  रावत ने रेल मंत्री को बताया कि उदयपुर की देश के दूसरे शहरों से बेहतर रेल कनेक्टिविटी के लिए उदयपुर की जनता द्वारा लगातार मांग की जा रही है। इसके लिए उन्होंने उदयपुर योगनगरी ऋषिकेश ट्रेन (19609/10) जो वर्तमान में सप्ताह में तीन दिन चल रही है, उसे देहरादून तक बढ़ाया जाकर प्रतिदिन चलाये जाने का आग्रह किया।

इसी तरह उदयपुर बांदा टर्मिनस ट्रेन (22902/01) जो वर्तमान में सप्ताह में तीन दिन चल रही है. उसे प्रतिदिन चलाने तथा रूट बदलकर वाया अहमदाबाद करने, आगरा आसरवा एक्सप्रेस ट्रेन (01919/20) ट्रेन जो पूर्व में संचालित की गई थी, और यात्रीभार लगभग 100 प्रतिशत था उसे पुनः स्थायी रूप से चलाने की मांग की। 

सांसद डॉ रावत ने अजमेर-काठगोदाम एक्सप्रेस ट्रेन (रानीखेत एक्सप्रेस 15013/14) को उदयपुर तक बढ़ाने, गुजरात मेल एक्सप्रेस (ट्रेन नं. 12901/02) जो ट्रेन प्रतिदिन मुम्बई-अहमदाबाद-मुम्बई के बीच संचालित है, प्रातः 05.50 बजे मुम्बई से अहमदाबाद पहुंचने के पश्चात् रात 22.50 बजे मुम्बई के लिए प्रस्थान करती है। अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर लगभग 17 घण्टे इसका ठहराव रहता है इसलिए इस ट्रेन का उदयपुर तक विस्तार करने की मांग की।

सांसद डॉ रावत ने हाल ही में रेल भूमि विकास प्राधिकरण द्वारा उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन परिसर की लगभग 19,588 वर्गमीटर भूमि को 99 वर्ष की दीर्घकालीन लीज पर व्यवसायिक एवं आवासीय गतिविधियों के लिए देने का भी विरोध किया व इसे रोकने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर नए रेल ट्रैक के विकास, यार्ड मेंटेनेंस सुविधाओं, वॉशिंग एरिया तथा अन्य परिचालन आवश्यकताओं के लिए उक्त अतिरिक्त भूमि की नितांत आवश्यकता रहेगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News