उदयपुर-जयपुर व उदयपुर-आगरा वंदे भारत का संचालन 14 फ़रवरी से बंद होगा
उदयपुर 13 फ़रवरी 2026। गाड़ी संख्या 20981/20982, उदयपुर सिटी-आगरा कैंट-उदयपुर सिटी वन्दे भारत रेल सेवा दिनांक 15 फ़रवरी 2026 एवं गाड़ी संख्या 20979/20980 उदयपुर सिटी-जयपुर-उदयपुर सिटी-वन्दे भारत रेल सेवा दिनांक 14 फ़रवरी 2026 से संचालित नहीं की जाएगी।
होली पर्व से ठीक पहले रेलवे ने इस फैसले के पीछे कम यात्री भार को मुख्य वजह बताया है। इस वंदे भारत सेवा की शुरुआत सितंबर 2023 में की गई थी। शुरुआती दौर में इसे लेकर उत्साह रहा, लेकिन समय के साथ यात्री संख्या अपेक्षा के अनुरूप नहीं पहुंच सकी।
पहले घटाए गए फेरे, अब पूरी तरह रोक
रेलवे ने घाटे की स्थिति को देखते हुए पहले इसके संचालन में कटौती की थी। सप्ताह में छह दिन चलने वाली इस ट्रेन को तीन दिन जयपुर-उदयपुर और तीन दिन उदयपुर-आगरा रूट पर सीमित कर दिया गया था। इसके बावजूद यात्री भार में संतोषजनक वृद्धि नहीं होने पर अब दोनों रूटों पर सेवा पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया गया है। इस कदम को संचालन लागत और आय के संतुलन से जोड़कर देखा जा रहा है।
रेलवे सूत्रों के मुताबिक, सामान्य दिनों में इस ट्रेन का यात्री भार लगभग 50 से 60 प्रतिशत के बीच रहता था। हालांकि, त्योहारों के दौरान यह आंकड़ा 80 से 85 प्रतिशत तक पहुंच जाता था। कई यात्रियों के लिए यह ट्रेन तब उपयोगी विकल्प साबित होती थी, जब अन्य ट्रेनों में कंफर्म सीट उपलब्ध नहीं होती थी। ऐसे में होली से पहले संचालन बंद होने का निर्णय यात्रियों के लिए असुविधा बढ़ा सकता है।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि संबंधित वंदे भारत रैक को अब उदयपुर सिटी से असारवा के बीच संचालित किया जाएगा। यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी, जबकि एक दिन रखरखाव के लिए निर्धारित रहेगा। समय-सारणी के अनुसार, ट्रेन सुबह 6:10 बजे उदयपुर सिटी से रवाना होकर 10:25 बजे असारवा पहुंचेगी। वापसी में असारवा से शाम 5:45 बजे प्रस्थान कर रात 10 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
