बिजली विभाग की लापरवाही के चलते खेतो में लगी आग

हादसे में करीब 40 से 50 क्विंटल अनाज नष्ट होने का अनुमान
 | 

सलूंबर 17 मार्च 2026। ज़िले के झल्लारा क्षेत्र स्थित धौलागिर खेड़ा ग्राम पंचायत के ओड़ा (होली फला) गांव में बिजली विभाग की लापरवाही के चलते खेतों में आग लगने से तीन किसान परिवारों की फसल जलकर राख हो गई। हादसे में करीब 40 से 50 क्विंटल अनाज नष्ट होने का अनुमान है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

जानकारी के अनुसार खेतों के ऊपर से गुजर रही 11 KV हाईटेंशन लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से चिंगारियां निकलीं, जिससे खेत में रखी सूखी फसल ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और खलिहान में रखी गेहूं, चना और ज्वार की फसल पूरी तरह जल गई।

प्रभावित किसानों में ओंगडिया पिता सवा, नाथू पिता सवा और लालू मीणा शामिल हैं। किसानों ने बताया कि उन्होंने फसल काटकर खलिहान में एकत्र कर रखी थी और थ्रेसिंग की तैयारी चल रही थी, तभी अचानक आग लग गई।

आग लगते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें तेज होने के कारण काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना पर हल्का पटवारी और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था।

किसानों ने बताया कि उनकी सालभर की मेहनत पलभर में राख हो गई, जिससे उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।

#Salumbar #UdaipurNews #RajasthanNews #FarmFire #CropLoss #FarmerCrisis #ElectricityDepartment #RajasthanFarmers #RuralIndia #BreakingNews #Jhallara #AgriNews #IndiaNews #GroundReport

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal