फतहसागर रिंग रोड पर 30 किमी स्पीड लिमिट तय
उदयपुर 10 फरवरी 2026। ज़िला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर नमित मेहता की अध्यक्षता में हुई। इसमें जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
फतहसागर रिंग रोड पर 30 किमी स्पीड लिमिट
बैठक में फतहसागर रिंग रोड पर कतिपय वाहनधारियों द्वारा तेजी गति से वाहन चलाने तथा इससे पैदल घुमने वालों को परेशानी होने की बात सामने आई। इस पर जिला कलक्टर ने फतहसागर रिंग रोड पर स्पीड लिमिट 30 किमी तय करने के निर्देश दिए। इसके लिए परिवहन अधिकारी को जगह-जगह सूचना पट्ट लगाने तथा आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने के लिए भी निर्देशित किया।
पायलट प्रोजेक्ट के तहत फतहसागर की पाल होगी नो व्हिकल जोन
बैठक में फतहसागर की पाल पर शाम के समय वाहनों की रेलमपेल से जाम लगने तथा लोगों को परेशानी होना भी सामने आया। इस पर जिला कलक्टर ने पायलट प्रोजेक्ट के तहत वीकेंड पर मोतीमगरी से ओवरफ्लो झरने तक कुछ घंटो के लिए नो व्हिकल जोन घोषित किए जाने के निर्देश दिए।
इन बिन्दुओं पर भी चर्चा
बैठक में भीतरी शहर में यातायात समस्या के मद्देनजर नो व्हिकल जोन, वन-वे, पार्किंग सुविधा आदि पर भी चर्चा की गई। इसके लिए ADM सिटी के नेतृत्व में पूर्व में गठित नगर निगम, UDA, पर्यटन विभाग के अधिकारियों की कमेटी को जिम्मेदारी सौंपी गई। कमेटी शहर में आवश्यकतानुसार नो व्हिकल, वन-वे, पार्किंग, पेसिंल डिवाइडर जोन आदि चिन्हित करेगी तथा उसके अनुरूप पालना सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अलावा फतहपुरा चौराहा पर पायलट प्रोजेक्ट के तहत लगे एआई बेस्ड ट्रैफिक लाइट सिस्टम का फीडबैक लेते हुए पुलिस विभाग को उसकी रिपोर्ट भेजने के भी निर्देश दिए। बैठक में अन्य विभिन्न बिन्दुओं पर भी चर्चा की गई।
प्रारंभ में समिति के सदस्य सचिव PWD के अधीक्षण अभियंता अभिनंदन जैन ने गत बैठक कार्यवाही अनुपालना रिपोर्ट का वाचन किया। जिला कलक्टर मेहता ने सड़क हादसों पर चिन्ता व्यक्त करते हुए इनमें कमी लाने के लिए सामूहिक और प्रभावी प्रयासों पर जोर दिया। उन्होंने आई-राइड के माध्यम से दुर्घटना के आंकड़ों का एनालिसिस कर प्रतिमाह ब्लेक स्पॉट चिन्हित करते हुए हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उन स्थलों पर आवश्यक रोड़ इंजीनियरिंग के निर्देश दिए।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
