राजस्थान पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2025 संपन्न

62 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांति पूर्वक संपन्न हुई
 | 
rajasthan police

उदयपुर 15 सितंबर 2025। राजस्थान पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2025 के संबंध में ज़िला पुलिस अधीक्षक उदयपुर योगेश गोयल ने जानकारी दी कि कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2025 के तहत दिनांक 13 सितंबर 2025 को उदयपुर शहर के विभिन्न 38 परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

इसके बाद, कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2025 की लिखित परीक्षा दिनांक 14 सितंबर 2025 को उदयपुर के 62 विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर दो पारी में आयोजित की गई। पहली पारी प्रातः 10:00 से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 3:00 से 5:00 बजे तक संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों और शहर के विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की पर्याप्त व्यवस्था की गई।

प्रथम पारी में प्रश्न पत्र बॉक्स समयानुसार और निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत स्ट्रॉन्ग रूम से सभी 62 परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए गए। हालांकि, दो परीक्षा केंद्रों में तकनीकी गलती के कारण प्रश्न पत्र बॉक्स के लेबल कोड में मिलान नहीं हो पाया। आलोक सी.सै. स्कूल, हिरणमगरी से से. नं.-11 उदयपुर (केंद्र कोड-31005) का प्रश्न पत्र अरावली टीचर ट्रेनिंग कॉलेज, देबारी, उदयपुर (केंद्र कोड-31007) के बॉक्स में पहुंच गया, जबकि अरावली टीचर ट्रेनिंग कॉलेज का प्रश्न पत्र आलोक सी.सै. स्कूल, हिरणमगरी के बॉक्स में पहुंचा।

इस कारण अरावली टीचर ट्रेनिंग कॉलेज, देबारी पर निर्धारित अभ्यर्थियों की संख्या 504 के मुकाबले प्रश्न पत्र अधिक पाए गए, जबकि आलोक सी.सै. स्कूल, हिरणमगरी पर अभ्यर्थियों की संख्या 648 के मुकाबले प्रश्न पत्र कम पड़े। तत्पश्चात, अधिक प्रश्न पत्रों को सील करके परिवहन दल द्वारा आलोक सी.सै. स्कूल, हिरणमगरी पर पहुंचाया गया और परीक्षा विधिवत प्रारंभ की गई।

इस प्रक्रिया के कारण आलोक सी.सै. स्कूल, हिरणमगरी में परीक्षा प्रारंभ प्रातः 10:00 बजे की बजाय 10:50 बजे शुरू हुई, जबकि अरावली टीचर ट्रेनिंग कॉलेज में 10:15 बजे शुरू हुई। दोनों केंद्रों पर अभ्यर्थियों को विलम्ब अवधि के अनुसार अतिरिक्त समय दिया गया। यह पूरी प्रक्रिया पुलिस अधीक्षक उदयपुर की उपस्थिति में संपन्न कराई गई।

जिला उदयपुर के सभी 62 परीक्षा केंद्रों पर प्रथम पारी की परीक्षा शांति पूर्वक संपन्न हुई।

#RajasthanPolice #ConstableExam2025 #UdaipurNews #PoliceRecruitment #RajasthanGovtJobs #ExamUpdates #UdaipurUpdates #ConstableRecruitment t #UdaipurTimes