सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता

इस अभियान के तहत यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सख्त कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है

 | 
Rajasthan Police conducting road safety drive and traffic checking during Road Safety Month 2026

उदयपुर, Jan 25, 2026: राजस्थान सरकार द्वारा प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा माह के तहत जिला पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। राजस्थान पुलिस मुख्यालय द्वारा वर्ष 2026 के लिए निर्धारित प्राथमिकताओं के अंतर्गत बेहतर सड़क सुरक्षा एवं प्रभावी यातायात प्रबंधन को उच्च प्राथमिकता पर रखा गया है।

राज्य सरकार एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, आमजन की जान-माल की सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए सघन प्रवर्तन अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सख्त कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी, ओवरलोड वाहन संचालन, तेज गति से वाहन चलाने, शराब पीकर वाहन चलाने, विपरीत दिशा में वाहन चलाने तथा लेन सिस्टम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। यातायात नियमों के प्रभावी प्रवर्तन के लिए स्पीड रडार गन एवं इंटरसेप्टर वाहनों के माध्यम से शहरों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर गति नियंत्रण की कार्रवाई की जा रही है।

इसके साथ ही हाल ही में लागू किए गए “चैलेंज ऑन कैमरा” ऐप के माध्यम से प्रत्येक थाना एवं यातायात पुलिस का जवान मौके पर ही यातायात उल्लंघन करने वाले व्यक्ति का फोटो लेकर तत्काल ई-चालान जारी कर सकेगा, जिससे कार्रवाई और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी होगी।

राजस्थान पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं की एवं दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें। यातायात नियमों का पालन न केवल कानूनी दायित्व है, बल्कि यह एक सामाजिक जिम्मेदारी भी है।

सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा है। सभी के सहयोग से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।