UDA आयुक्त ने विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया

कार्यों की गुणवत्ता को लेकर कोई समझौता नहीं करने के दिए निर्देश
 
 | 

उदयपुर 5 फरवरी 2026। उदयपुर विकास प्राधिकरण आयुक्त राहुल जैन ने बुधवार को पूर्ववर्ती मुख्यमंत्री बजट घोषणाओं के तहत चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। 

जैन ने शहर में विभिन्न दिशाओं से प्रमुख प्रवेश मार्गों के विस्तारीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के तहत सीसारमा से नांदेश्वर सड़क मार्ग तथा जड़ाव नर्सरी से कलड़वास तक सड़क विस्तारीकरण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ही सीसी सड़क की कोर कटिंग की गई और डामरीकरण की गुणवत्ता की जांच की गई। 

इसके पश्चात उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर से UDA को हस्तांतरित उदयपुर-अहमदाबाद मार्ग पर वर्षा ऋतु में जल भराव की समस्या के समाधान हेतु चल रहे बलीचा तिराहे से सेठ जी की कुंडाल तक ड्रेनेज डिस्पोजल कार्य का निरीक्षण किया। इस कार्य के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन में हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। अपने दौरे के दौरान आयुक्त ने एकलिंगपुरा गांव से आहड़ नदी तक प्री कास्ट बॉक्स सेल द्वारा नाला निर्माण कार्य का भी औचक निरीक्षण किया। 

मौके पर की गुणवत्ता जांच

UDA आयुक्त ने अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता के संबंध में किसी प्रकार का समझौता नहीं करने की हिदायत दी। पारस तिराहे पर प्रगतिरत फ्लाईओवर निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान सेगमेंट कास्टिंग का अवलोकन किया एवं पूर्व में कास्ट किए गए सेगमेंट कंक्रीट क्यूब की गुणवत्ता की मौके पर ही जांच की। पिछले वित्तीय वर्ष की बजट घोषणा के तहत बलीचा तिराहे पर री-इंजीनियरिंग एवं भव्य रोटरी जंक्शन निर्माण कार्य का निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच की गई।  

इस दौरान UDA के अभियांत्रिकी निदेशक संजीव शर्मा, अधीक्षण अभियंता हितेश सुखवाल, अधिशासी अभियंता निर्मल सुथार, विजय पटेल सहित अन्य सहायक एवं कनिष्ठ अभियंता उपस्थित रहे।