PNG के लिए सड़कों की खुदाई से संबंधित दिए आवश्यक निर्देश
उदयपुर 25 मार्च 2026। ज़िला कलेक्टर नमित मेहता ने बुधवार को पेट्रोलियम गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में शहर में चल रहे पाइपलाइन गैस (PNG) कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने से जुड़े कार्यों, निगम से मिलने वाली NOC तथा कार्यों में आ रही विभिन्न बाधाओं पर विस्तार से समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार औद्योगिक एवं वाणिज्यिक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर पाइप्ड गैस लाइन (PNG) से जोड़ा जाए, जिससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिल सके और पारंपरिक ईंधनों पर निर्भरता कम हो।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने शहर में पाइपलाइन बिछाने के कार्यों के चलते क्षतिग्रस्त हुई सड़कों के संबंध में भी समीक्षा की और संबंधित निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि वे शीघ्रता से सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने हाल ही में निर्मित सड़कों को नुकसान से बचाने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर नमित मेहता ने स्पष्ट किया कि बिना आपसी समन्वय के किसी भी संस्था या एजेंसी द्वारा सड़कों की खुदाई नहीं की जाए। सभी विभागों और एजेंसियों को समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि गैस कनेक्शन प्राप्त घरेलू उपभोक्ताओं को PNG कनेक्शन देने में प्राथमिकता दी जाए और इसके प्रति जागरूकता बढ़ाई जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें। बैठक में UDA आयुक्त राहुल जैन, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, ADM सिटी जितेंद्र ओझा, DSO प्रथम सृष्टि डबास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
#Udaipur #Rajasthan #UdaipurNews #PNG #GasPipeline #CleanEnergy #SmartCityUdaipur #Infrastructure #RoadWork #UrbanDevelopment #RajasthanNews #EnergyTransition #CityDevelopment
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
