उदयपुर में पर्यटन सुरक्षा को मिली नई मजबूती

25 टूरिस्ट पेट्रोलिंग टीम वाहनों को दिखाई गई हरी झंडी
 | 

उदयपुर 5 फ़रवरी 2026। लेकसिटी में पर्यटन सुरक्षा और सुविधाओं को सशक्त बनाने की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। फतेहसागर स्थित टाया पैलेस में आयोजित समारोह में 25 टूरिस्ट पेट्रोलिंग टीम (टीपीटी) वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया रहे।

यह आयोजन होंडा इंडिया फाउंडेशन की सीएसआर पहल के अंतर्गत किया गया, जिसमें होंडा इंडिया फाउंडेशन के ऑपरेटिंग ऑफिसर राजीव तनेजा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन उदयपुर पुलिस द्वारा किया गया।

इस अवसर पर आईजी गौरव श्रीवास्तव, ज़िला कलेक्टर नमित मेहता सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने कहा कि टूरिस्ट पेट्रोलिंग टीम वाहनों की शुरुआत से शहर में आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा, सहायता और मार्गदर्शन और अधिक प्रभावी होगा। इन वाहनों के माध्यम से प्रमुख पर्यटन स्थलों पर निगरानी बढ़ेगी, जिससे पर्यटकों को त्वरित सहायता मिलेगी और उदयपुर की छवि एक सुरक्षित पर्यटन स्थल के रूप में और मजबूत होगी।