ऑनलाइन गेमिंग के जरिए ठगी करने वाले सात आरोपी गिरफ्तार

नाई थाना पुलिस की कार्रवाई

 | 

उदयपुर 11 अगस्त 2025। ज़िले के थाना नाई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन गेमिंग के जरिए ठगी करने वाले सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार लैपटॉप, दो टैबलेट, 14 मोबाइल, 25 सिम कार्ड, 18 बैंक खातों का विवरण और कुल तीन लाख पैंतालीस हजार रुपये बरामद किए हैं।

एसपी उदयपुर योगेश गोयल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) गोपाल स्वरूप मेवाड़ा और पुलिस उप अधीक्षक वृत गिर्वा सूर्यवीर सिंह राठौड़ के सुपरविजन में थानाधिकारी नाई लीलाराम के नेतृत्व में टीम गठित की गई। 

टीम को सूचना मिली कि नया खेड़ा स्थित होटल रोज वॉक हैरिटेज के कमरा नंबर 301 में कुछ लोग ऑनलाइन गेमिंग के जरिए लोगों से धोखाधड़ी कर रहे हैं।पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर सात लोगों को गिरफ्तार किया। 

ये सभी आरोपी राहुल नामक व्यक्ति के साथ मिलकर फर्जी बैंक खातों और फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल कर ग्राहकों को गेम खिलाकर ठगी कर रहे थे। बरामद किए गए उपकरण और खातों में ठगी की भारी राशि जमा पाई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में सनी (गांधी बाग रोड, महुवा, भावनगर, गुजरात), सुनिल रूहेला (भैरूपुरा रोड, सीकर, राजस्थान), आयुष पटेल (कोमली, वड़ोदरा, गुजरात), विवेक वन परिहार (मेहनदरड़ा, जुनागढ़, गुजरात), श्याम (कोठारिया, राजकोट, गुजरात), दर्शित (खेरड़ी, राजकोट, गुजरात) और जयनम भालिया (महुआ, भावनगर, गुजरात) शामिल हैं।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर ठगी के तरीकों और अन्य शामिल लोगों की तलाश कर रही है। मामले में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।