सास की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, दीपपुरा घाटा के जंगलों से पकड़ा

आरोपी वारदात के बाद से फरार था 
 | 
Accused who murdered his mother-in-law with an axe arrested; apprehended from the forests of Deeppura Ghata

 

UdaipurTimes, 26 November | Udaipur Local Crime News:  रावतभाटा थाना पुलिस ने सास की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या करने के मामले में फरार आरोपी भोजराज भील को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वारदात के बाद से फरार था। पुलिस ने उसे दीपपुरा घाटा के जंगलों से डिटेन कर गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार 17 नवंबर को चंद्रपुरिया निवासी छोटूलाल भील ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसकी बेटी के पूर्व पति भोजराज भील ने उसकी पत्नी मांगीबाई के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रावतभाटा गोपाल सिंह कानावत के निर्देशन, डीएसपी शंकरलाल मीणा के सुपरविजन और थानाधिकारी संजीव स्वामी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह लगातार फरार रहा। आखिरकार 24 नवंबर को तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने भोजराज को दीपपुरा घाटा के जंगलों से डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।