सलूंबर में अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ कार्यवाही
सलूंबर 22 जनवरी 2026। ज़िले के गिंगला थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक डंपर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सलूंबर रतन चावला के सुपरविजन एवं वृत्ताधिकारी वृत्त सलूंबर हेमंत जोशी के निर्देशन में की गई।
पुलिस थाना गिंगला की टीम द्वारा थाना सर्किल में अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ अभियान के तहत रात्रि गश्त के दौरान यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक डंपर अवैध रूप से बजरी भरकर गिंगला क्षेत्र से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर डंपर को रोका और जांच की।
जांच के दौरान डंपर में बजरी भरी पाई गई। चालक से बजरी के वैध कागजात मांगे गए, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में चालक ने स्वीकार किया कि वह बजरी को अवैध रूप से चोरी कर भरकर परिवहन कर रहा था। डंपर पर रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं पाया गया। डंपर का चेसिस नंबर UJ3525/52TTIP तथा इंजन नंबर PFPZ129900 और VIN नंबर MB1JLDH4PPFX6262 बताया गया है। डंपर में लगभग 40 टन बजरी भरी हुई थी।
पुलिस द्वारा डंपर को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा करवाया गया। चालक की पहचान राजू उर्फ राजेंद्र मीणा पुत्र बागीराम मीणा, उम्र 28 वर्ष, निवासी फुसरिया थाना खेरवाड़ा जिला उदयपुर के रूप में हुई है। आरोपी के पास ड्राइविंग लाइसेंस एवं वाहन के अन्य वैध कागजात भी नहीं पाए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस 2023 की धारा 303(2), एमएमडीआर एक्ट 1957 की धारा 4/21 तथा एमएमएसआर नियम 2017 की धारा 54 व 60 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अवैध खनन व परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
