4 से 5 वीडियो मौजूद,जल्द करूँगा खुलासा - टीकाराम जूली

उदयपुर की भाजपा नेत्री-अधिवक्ता ब्लैकमैलिंग कांड  
 | 

उदयपुर 26 फ़रवरी 2026। भाजपा महिला नेता को ब्लैकमेल करने और कथित पदाधिकारियों के नाम सामने आने के मामले में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने एक बार फिर इस प्रकरण को उठाते हुए दावा किया कि उनके पास 4 से 5 वीडियो मौजूद हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि पुलिस सुबह करीब 4 बजे आरोपी के घर पहुंची और गेट तोड़ने वालों को साथ लेकर गई। उनका कहना है कि पुलिस की मंशा सबूत मिटाने की थी। उन्होंने दावा किया कि DVR और हार्ड डिस्क जब्त कर ली गईं, लेकिन उससे पहले वीडियो की कॉपी सुरक्षित कर ली गई थी।

इससे पहले भी जूली ने कहा था कि कुछ वीडियो जल्द सामने आएंगे। मामले से जुड़े कुछ CCTV फुटेज भी सामने आए हैं, जिनमें कुछ युवक हाथों में हथौड़ा और सब्बल लिए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में DSP गिर्वा गोपाल चंदेल, पुलिसकर्मी और एक सूट पहने व्यक्ति भी घर की ओर जाते नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि दो युवक हथौड़ा और सब्बल लेकर आए और एक पुलिसकर्मी के साथ गली में जाते दिखे। इस पर सवाल उठ रहे हैं कि ये युवक कौन थे और पुलिस के साथ उनकी मौजूदगी क्यों थी। यदि वे पुलिस के साथ नहीं थे तो उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

दरअसल, 11 फरवरी को उदयपुर के भूपालपुरा थाने में एक भाजपा महिला नेता ने एक वकील के खिलाफ एआई के जरिए अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने देर रात 3 से 4 बजे के बीच कार्रवाई करते हुए वकील को उसके घर से हिरासत में लिया।

आरोप है कि कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने वकील के घर में घुसकर तोड़फोड़ की और हथियारनुमा औजार साथ लाए। आरोपी के परिजनों ने पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया से मुलाकात कर पुलिस और कुछ युवकों पर जबरन घर में घुसने और दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं।

मामले को लेकर उदयपुर से लेकर प्रदेश स्तर तक राजनीतिक हलचल बनी हुई है, हालांकि भाजपा नेताओं ने फिलहाल इस पर सार्वजनिक रूप से ज्यादा प्रतिक्रिया नहीं दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।

#UdaipurNews #RajasthanPolitics #TikaramJuli #BJPControversy #UdaipurBJP #CongressVsBJP #Bhupalpura #AIBlackmailCase #RajasthanNews #UdaipurUpdates #PoliticalNews #GirvaDSP #UdaipurLocalNews