Chittorgarh: अपहृत नाबालिग सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़ ज़िले के बेगूं थाना पुलिस ने आरोपी को कर्नाटक से गिरफ्तार किया
चित्तौड़गढ़ 3 सितंबर 2025। ज़िले की बेगूं थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में फरार चल रहे आरोपी को कर्नाटक से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था।
ज़िला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बेगूं थाने पर एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी पहलवान भील, निवासी गुना (मध्यप्रदेश), ने सोशल मीडिया के जरिए पहचान बनाकर बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। घटना के बाद आरोपी अपने परिवार सहित घर से गायब हो गया था। काफी तलाश के बाद भी नहीं मिलने पर उस पर इनाम घोषित किया गया।
आरोपी और बालिका की तलाश के लिए एएसपी रावतभाटा भगवतसिंह हिगड़ के निर्देशन, डीएसपी बेगूं अंजलि सिंह के सुपरविजन और थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी जांच और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर चित्तौड़गढ़ से करीब 1800 किलोमीटर दूर कर्नाटक के चिकमगलूरु जिले के घने जंगलों और ऊंचे पहाड़ों में सघन तलाशी अभियान चलाया। भारी बारिश और भूस्खलन जैसी चुनौतियों के बावजूद पुलिस ने लगातार प्रयास जारी रखे और दो दिन के भीतर बालिका को बरामद कर लिया।
पुलिस ने आरोपी पहलवान सिंह भील (20) पुत्र धीरप सिंह भील, निवासी पाटन कचनारिया, तहसील मकसुदनगढ़, जिला गुना (म.प्र.) को हिरासत में लिया। उसे संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है।
बरामद बालिका का मेडिकल परीक्षण कर उसे बाल कल्याण समिति चित्तौड़गढ़ के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे सकुशल परिजनों को सौंप दिया गया।
#ChittorgarhPolice #KidnappingCase #MinorRescue #ChildSafety #PoliceAction #BegunPolice #SafeReturn #IUdaipurTimes
