सलूंबर: घर में घुसकर बुजुर्ग महिला और 5 वर्षीय नाती की हत्या
सलूंबर 6 दिसंबर 2025 । ज़िले के सेमारी इलाके के गुड़ासर गांव में देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बदमाशों ने घर में घुसकर 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला गौरी और उसके 5 वर्षीय नाती सुरेन्द्र की धारदार हथियार से हत्या कर दी। महिला के पैरों के कड़े उतारकर बदमाश फरार हो गए। घटना की जानकारी के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
देर रात करीब 11 बजे घर से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचे तो दोनों के शव खून से लथपथ पड़े मिले। दोनों के पेट-छाती व सिर पर कई वार किए गए थे। गौरी के पैरों पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें काट दिया गया और चांदी के कड़े ले जाए गए।
पुलिस को आशंका है कि वारदात में 2-3 बदमाश शामिल थे। घटना के समय परिवार पड़ोस में चल रहे सत्संग कार्यक्रम में शामिल होने गया हुआ था। सुरेन्द्र कुछ दिन पहले ही अपनी नानी के पास आया था।
घटना की जानकारी मिलते ही शनिवार सुबह करीब 7 बजे सलूंबर एसपी राजेश यादव, डिप्टी चांदमल सिंगारिया और FSL टीम मौके पर पहुंची। घर से किसी अन्य सामान की चोरी हुई है या नहीं, यह जांच की जा रही है।
एसपी राजेश यादव ने बताया की प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि मामले को लूट की घटना दिखाने की कोशिश की गई है। घर के अंदर से किसी तरह की चोरी नहीं हुई है। कड़ों को लूट दिखाने के लिए बुजुर्ग महिला के पैर काटे गए हैं। बुजुर्ग महिला और बच्चे के सिर में गंभीर चोटें हैं। इन्हीं चोटों के कारण दोनों की मौत हुई है।”
एसपी ने कहा कि हत्यारों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर सुराग तलाश रही है।
