अमेरिकी नागरिको से ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

न्यू मेवाड़ कॉलोनी स्थित एक होटल में दबिश देकर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया
 
 | 

उदयपुर 24 फ़रवरी 2026।  शहर के गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अमेरिकी नागरिकों से ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। ज़िला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय गोपाल स्वरूप मेवाड़ा और पुलिस उप अधीक्षक गिर्वा गोपाल चंदेल के सुपरविजन में गठित टीम ने न्यू मेवाड़ कॉलोनी स्थित एक होटल में दबिश देकर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी विदेशी नागरिकों की निजी जानकारी हासिल कर उन्हें इंटरनेट कॉल और मैसेज के जरिए संपर्क करते थे। खुद को एक बड़ी कंपनी का कर्मचारी बताकर उत्पादों पर अतिरिक्त चार्ज लगने की बात कहते और फिर रिफंड दिलाने के नाम पर लिंक भेजते थे। लिंक के जरिए डॉलर में रकम ट्रांसफर करवा कर ठगी की जाती थी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 4 लैपटॉप, 14 मोबाइल फोन, 2 वाहन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह का मुख्य सरगना शाहरुख मंसूरी है और सभी आरोपी उसके लिए काम कर रहे थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की गहन जांच की जा रही है। गिरोह के तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। गिरफ्तार आरोपियों में गुजरात, राजस्थान, मेघालय, असम और अन्य राज्यों के युवक-युवतियां शामिल हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।

#Udaipur #UdaipurNews #RajasthanNews #CyberCrime #OnlineFraud #USScam #GovardhanVilas #RajasthanPolice #BreakingNews #DigitalFraud #UdaipurPolice