उदयपुर में हाई-प्रोफाइल जमीन विवाद

पुलिस पर संरक्षण के आरोप, मामला गरमाया
 | 

उदयपुर 25 मार्च 2026। सुखेर थाना क्षेत्र से सामने आया एक हाई-प्रोफाइल जमीन विवाद अब कानूनी और राजनीतिक स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। मामले में कई पुलिस अधिकारियों पर आरोपियों को संरक्षण देने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

प्रकरण की शुरुआत तब हुई जब परिवादी गोपाल लाल भील, निवासी आकोड़िया (चित्तौड़गढ़), ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय ने धारा 175(3) बीएनएस के तहत संज्ञान लेते हुए पुलिस को मामला दर्ज करने के निर्देश दिए, जिसके बाद 23 मार्च को सुखेर थाने में FIR दर्ज की गई।

शिकायत के अनुसार आरोपी हेमंत शर्मा, निवासी मानसरोवर (जयपुर), ने स्वयं को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के रिश्तेदार का करीबी बताते हुए कथित राजनीतिक प्रभाव का उपयोग किया। आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर परिवादी की कृषि भूमि हड़पने की साजिश रची। परिवादी को झूठे मामले में फंसाकर 17 नवंबर 2025 को गिरफ्तार कराया गया और यूनिवर्सिटी गेस्ट हाउस में बंधक बनाकर मानसिक व शारीरिक दबाव डाला गया।

आरोप है कि 3 दिसंबर 2025 को जान से मारने की धमकी देकर जबरन विक्रय विलेख पर हस्ताक्षर कराए गए। मूल खातेदारों पर भी पुलिस के जरिए दबाव बनाया गया और 4 दिसंबर 2025 को डमी खातेदार के नाम पर जमीन की रजिस्ट्री कर दी गई। परिवादी का दावा है कि उसने यह जमीन करीब 2.09 करोड़ रुपये में वैध रूप से खरीदी थी।

मामले में कई अधिकारियो एवं पुलिसकर्मियों पर मिलीभगत, दबाव बनाने, बंधक बनाकर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने और जातिसूचक अपमान जैसे आरोप लगाए गए हैं। परिवादी ने यह भी बताया कि उसने 29 अक्टूबर 2025 को ही थानाधिकारी सुखेर और पुलिस अधीक्षक को स्पीड पोस्ट से शिकायत भेजी थी, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

बताया गया कि बाद में पंजीयन कार्यालय द्वितीय बड़गांव में डमी खातेदार गुमानाराम के नाम पर विक्रय विलेख तैयार कर जमीन का हस्तांतरण कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी हेमंत शर्मा, सतीश जांगिड़, इरफान, कुलदीप पालीवाल, दिनेश सोनी और बृज कुमावत के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। गोविंद सिंह डोटासरा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब आरोप उच्च पुलिस अधिकारियों पर हों और जांच उसी रेंज की पुलिस कर रही हो, तो निष्पक्षता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने मामले की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग की है।

#UdaipurNews #RajasthanNews #LandDispute #UdaipurCrime #Sukher #PoliceCase #BreakingNews #RajasthanPolitics #Dotasra #BhajanlalSharma #IndiaNews #RealEstateFraud #UdaipurUpdates #Chittorgarh #LocalNewsRajasthan