उदयपुर में अवैध बायोडीजल बिक्री का पर्दाफाश
DST टीम और टीडी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
उदयपुर 27 अक्टूबर 2025। ज़िले की DST टीम और थाना टीडी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से बायोडीजल बेचने के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर दो टैंकों में भरा करीब 440 लीटर बायोडीजल जब्त किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गोपाल स्वरूप मेवाड़ा और डिप्टी एसपी सूर्यवीर सिंह राठौड़ के सुपरविजन में वृत्ताधिकारी एससी-एसटी सेल महिपाल सिंह और थानाधिकारी टीडी देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की।
टीम को सूचना मिली थी कि टीडी क्षेत्र की नाल में स्थित रामदेव होटल के पीछे भूमिगत टैंक पर पेट्रोल पंप मशीन लगाकर अवैध रूप से बायोडीजल बेचा जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और वहां वाहनों में पेट्रोल पंप मशीन के जरिये बायोडीजल भरते हुए पाया गया। मशीन पर “BIO DIESEL” लिखा हुआ था और दोनों ओर मात्रा, दर और रकम दिखाने वाले डिस्प्ले लगे हुए थे।
पुलिस ने रसद विभाग को सूचना दी, जिसके बाद प्रवर्तन अधिकारी डॉ. निशा मुंदड़ा और सीनियर एरिया सेल्स मैनेजर श्रवण पूरी मौके पर पहुंचे। जांच में पाया गया कि मशीन को स्थायी रूप से भूमिगत टैंक से जोड़ा गया था। पुलिस ने टैंक से पेट्रोलियम पदार्थ को बाहर निकालकर दो लोहे के ड्रमों में भरवाया, जिनमें प्रत्येक में 220 लीटर बायोडीजल पाया गया।
मौके पर मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम नवीन प्रकाश पुत्र मोहनलाल निवासी बनोड़ा, थाना सलुंबर बताया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह दस्तक कंपनी से बायोडीजल लाकर अवैध रूप से यहां बेच रहा था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और अवैध बायोडीजल भंडारण व बिक्री का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।