हनीट्रैप में फंसाकर युवक का अपहरण, मारपीट और लूटपाट

सुखेर थाना पुलिस ने मामले में युवती सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया 
 | 

उदयपुर 1 मई 2026। सुखेर थाना पुलिस ने हनीट्रैप में फंसाकर युवक का अपहरण कर नकदी और जेवर लूटने के मामले में एक युवती सहित उसके साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार मानक चौक निवासी विष्णु पटेल (29) इवेंट का काम करता है। 27 अप्रैल की रात वह अपने घर पर था, तभी उसकी सोशल मीडिया मित्र डॉली नामक युवती से चैट के जरिए बातचीत हुई। इसके बाद युवती ने व्हाट्सएप पर मैसेज कर उसे मिलने के लिए एक जगह बुलाया।

विष्णु बताए गए स्थान पर पहुंचा तो वहां पहले से डॉली के साथ हिमांशु मेहता, गोड़ाजी सहित 8 से 10 युवक मौजूद थे। आरोपियों के पास लाठी, चाकू और तलवार जैसे हथियार थे। आरोपियों ने विष्णु के साथ मारपीट की और उसके गले से सोने की चेन, हाथ से अंगूठी तथा 11 हजार रुपए नकद लूट लिए। इसके बाद उसे जबरन कार में बैठाकर पूरी रात अलग-अलग जगह घुमाया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने उसके मोबाइल बैंकिंग ऐप के जरिए 5 लाख रुपए की मांग की। डर के कारण पीड़ित ने 50 हजार रुपए की व्यवस्था की, जिसे व्हाट्सएप पर बताए अनुसार निकलवाया गया। आरोपी लगातार मारपीट करते हुए और रुपए मांगते रहे। इस पर विष्णु ने दो दिन में बाकी रकम देने की बात कही।

बाद में आरोपी उसे गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र के सामने छोड़कर फरार हो गए। जाते समय उन्होंने घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने जाते समय कार का नंबर RJ27 TA 9570 नोट कर लिया। इसी वाहन नंबर के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और मामले का खुलासा किया।

सुखेर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

#UdaipurNews #RajasthanNews #CrimeNews #Honeytrap #SukherPolice #UdaipurCrime #BreakingNewsIndia #CyberCrimeIndia #KidnappingCase #RobberyCase #OnlineFraud #SocialMediaCrime #RajasthanPolice #TrueCrimeIndia