मांडवा थाना प्रभारी और कांस्टेबल रिश्वत लेते गिरफ्तार

आरोपी नहीं बनाने के बदले 20 लाख रुपये की रिश्वत की मांग
 | 

उदयपुर 23 मार्च 2026। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की इंटेलिजेंस यूनिट उदयपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उदयपुर ज़िले के माण्डवा थाना प्रभारी और एक कांस्टेबल को 8 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

ACB के अनुसार आरोपी थानाधिकारी निर्मल कुमार खत्री और कांस्टेबल भल्लाराम पटेल परिवादियों को एक प्रकरण में आरोपी नहीं बनाने के बदले 20 लाख रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। सत्यापन के दौरान दोनों आरोपी 8 लाख रुपये लेने पर सहमत हुए, जिसके बाद ट्रैप कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान ACB टीम ने आरोपियों को 8 लाख रुपये की राशि लेते हुए गिरफ्तार किया। इसमें 1 लाख रुपये असली नोट और 7 लाख रुपये डमी नोट शामिल थे।

यह कार्रवाई ACB के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में उदयपुर इंटेलिजेंस यूनिट द्वारा की गई। मामले में आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित) तथा BNS 2023 की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।