पुलिस कांस्टेबल 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
उदयपुर 12 मार्च 2026। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की स्पेशल यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उदयपुर में वृत्त नगर पूर्व की स्पेशल टीम के एक पुलिस कांस्टेबल को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य तीन पुलिसकर्मियों की तलाश जारी है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि ACB स्पेशल यूनिट उदयपुर को एक परिवादी ने शिकायत दी थी कि एकलिंगपुरा अंडरपास के पास प्रतापनगर रोड पर उसका कार सर्विस गैराज है। करीब चार से पांच दिन पहले चार पुलिसकर्मी सादी वर्दी में सरकारी वाहन से उसके गैराज पर आए और खुद को डिप्टी साहब की स्पेशल टीम का सदस्य बताया। उन्होंने गैराज में खड़ी गाड़ियों की जांच की और आरोप लगाया कि यहां चोरी की गाड़ियों को काटा जाता है।
परिवादी द्वारा गाड़ियों के दस्तावेज दिखाने के बाद भी पुलिसकर्मियों ने उसे नाबालिगों से काम कराने और जीएसटी नहीं भरने का आरोप लगाकर गैराज सीज करने और मुकदमा दर्ज करने की धमकी दी। इसके बाद पुलिसकर्मी लगातार गैराज पर आकर उसे डराने-धमकाने लगे और कार्रवाई नहीं करने के बदले 50 हजार रुपये मासिक रिश्वत की मांग करने लगे। परिवादी के आग्रह पर उन्होंने 25 हजार रुपये लेने पर सहमति जताई।
ACB ने शिकायत की सत्यापन कार्रवाई करते हुए पाया कि आरोपी पुलिसकर्मी कार्रवाई नहीं करने और गैराज को चलने देने की एवज में 25 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे, जिसे बाद में 20 हजार रुपये में तय किया गया। इसके बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की।
ACB स्पेशल यूनिट उदयपुर के प्रभारी अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजीव जोशी के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक लक्ष्मण डांगी और उनकी टीम ने बुधवार को ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी नागेन्द्र सिंह, कांस्टेबल नंबर 1186, स्पेशल टीम वृत्त नगर पूर्व को परिवादी से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि स्पेशल टीम में उसके साथ शक्ति सिंह, अर्जुन सिंह और अनिल मीणा भी शामिल हैं, जो आमतौर पर सरकारी वाहन से क्षेत्र में जाते हैं। फिलहाल अन्य तीनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।
ACB की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।
#UdaipurNews #ACBAction #RajasthanNews #UdaipurPolice #CorruptionCase #ACBRaid #BreakingNewsUdaipur #PratapnagarUdaipur #RajasthanPolice #CrimeNewsIndia
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
