Kishengarh | Rajasthan Crime News: 1.80Cr के सोने के आभूषण ले उड़े शातिर बदमाश गिरफ्तार
UdaipurTimes, 13 November | Jaipur Press Release (Rajasthan Police News): किशनगढ़ में ज्वैलरी खरीदने के बहाने व्यापारी को धोखा देकर करीब 1510 ग्राम सोने के आभूषण लेकर फरार हुए तीन शातिर आरोपियों को मदनगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये कीमत के सोने के विभिन्न आभूषण तथा 1 लाख 32 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर लगातार पीछा करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अगरवाला के निर्देशानुसार संपत्ति संबंधी अपराधों, लूट, चोरी और नकबजनी के मामलों में फरार बदमाशों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. लाल चंद कायल तथा वृत्ताधिकारी किशनगढ़ शहर धर्मराज चौधरी के निर्देशन में थानाधिकारी मदनगंज भवानी सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
ज्वैलरी खरीदने का ऑर्डर देकर व्यापारी को बुलाया
घटना के संबंध में परिवादी मनफूल सोनी निवासी चाड़वास जिला चुरु ने 10 नवंबर 2026 को थाना मदनगंज में रिपोर्ट दर्ज करवाई। परिवादी ने बताया कि वह चाड़वास स्थित पायल ज्वैलर्स का प्रोपराइटर है। उसके मोबाइल पर किशनगढ़ निवासी राहुल सोनी नामक व्यक्ति पिछले तीन-चार दिनों से फोन कर उसकी फर्म से ज्वैलरी खरीदने का ऑर्डर दे रहा था। उसके विश्वास में आकर परिवादी ने 5 नवंबर 2026 को अपने स्टाफ के कर्मचारी राम सोनी और मनोज सोनी को करीब 1510 ग्राम वजन के सोने के आभूषण बिल सहित राहुल सोनी के पास किशनगढ़ भेजा। Rajasthan Crime Update
दोनों कर्मचारी दोपहर करीब 3:30 बजे किशनगढ़ पहुंचे। राहुल सोनी उन्हें गुणसागर ज्वैलर्स के ऊपर स्थित मकान में ले गया, जहां कर्मचारियों ने उसे आभूषण दिखाकर बिल सौंप दिया। राहुल ने माल का चयन करवाने का बहाना बनाया और वहां से चला गया। कर्मचारियों द्वारा कई बार फोन करने पर वह वापस आया और भुगतान तथा शेष सामान देने के बहाने उन्हें आरआर ज्वैलर्स, मदनगंज ले गया। वहां कर्मचारियों को खड़ा रहने के लिए कहकर राहुल सोनी स्कूटी लेकर चकमा देकर फरार हो गया। Kishengarh Jewellery Robbery Solved

500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाली, कई शहरों में दी दबिश
प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों और चोरी गए माल की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कीं। टीमों ने आपसी समन्वय से किशनगढ़ शहर की गलियों और प्रमुख मार्गों पर लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। इसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
आरोपी शातिर प्रवृत्ति के थे और घटना के बाद लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस टीमों ने कई दिनों तक उनका पीछा किया तथा ब्यावर, राजसमंद, अजमेर, लाडनूं, चुरु, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, हरिद्वार और जयपुर सहित विभिन्न शहरों में दबिश दी। आखिरकार पुलिस ने आरोपी राहुल कुमार सोनी (39) निवासी चुरू हाल मदनगंज, अविनाश कुमार सिंह (37) निवासी सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश हाल रामगंज जिला अजमेर और प्रेम नवलानी (34) निवासी रामगंज जिला अजमेर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से प्रकरण का माल बरामद कर लिया।