राजस्थान, हरियाणा और मध्यप्रदेश के हिस्ट्रीशीटर पर प्रतापगढ़ पुलिस की कार्यवाही: अवैध फार्म हाउस पर चला बुलडोजर
हिस्ट्रीशीटर पर राजस्थान, हरियाणा और मध्यप्रदेश में दर्ज हैं जानलेवा हमले व मादक पदार्थ तस्करी के 16 से अधिक गंभीर मामले; ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बड़ी कार्रवाई
UdaipurTimes, Aug 7, 2026 | Pratapgarh Crime Update: पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार प्रतापगढ़ जिला पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत संगठित अपराधियों और उनके द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। अरनोद थाना क्षेत्र के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर लालसिंह राजपूत के सरकारी भूमि पर बने अवैध फार्म हाउस को जिला प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में ध्वस्त कर दिया गया है। Rajasthan Police Update
प्रतापगढ़ पुलिस अधीक्षक विशाल जाँगिड ने बताया कि जिले में अपराधियों की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और उनके द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए कब्जों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग और पुलिस उप अधीक्षक अरनोद चंद्रोखर पालीवाल के निर्देशन में अरनोद थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। Rajasthan Crime Update
अपराधी का काला चिट्ठा
हिस्ट्रीशीटर लालसिंह पुत्र रूपसिंह राजपूत निवासी रीछा के खिलाफ राजस्थान, हरियाणा और मध्यप्रदेश में कुल 16 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें जानलेवा हमला, लड़ाई-झगड़ा, मादक पदार्थ की तस्करी, अवैध फायर आर्म्स, एससी/एसटी एक्ट और राजकार्य में बाधा जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। आरोपी हाल ही में मादक पदार्थ तस्करी के एक मामले में मंदसौर जेल से जमानत पर बाहर आया था। Rajasthan Police News
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने नौगावां से पडुनी जाने वाले मुख्य मार्ग पर रीछा गांव स्थित सरकारी चरनोट (चारागाह) भूमि पर अवैध रूप से पक्का फार्म हाउस बनाकर कब्जा जमा रखा था। पुलिस द्वारा पत्राचार किए जाने पर तहसीलदार अरनोद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए।
कार्रवाई का विवरण
शुक्रवार,7 अगस्त को तहसीलदार अरनोद की मौजूदगी में पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर अवैध फार्म हाउस को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई में अरनोद थानाधिकारी शिवलाल मीणा के साथ कोटड़ी, सालमगढ़, धमोतर, हथुनिया, रंठाजना एवं महिला थाना प्रतापगढ़ का पुलिस जाप्ता मौजूद रहा।
एसपी जांगिड़ ने बताया कि आगामी दिनों में भी मादक पदार्थ तस्करों और गंभीर अपराधियों की अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर उन्हें कुर्क करने और ध्वस्त करने की कार्रवाई जारी रहेगी।
