चर्चित दुष्कर्म और ब्लैकमेल मामले में आरोपी से 24 अश्लील वीडियो बरामद

मामले में पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी है
 | 

उदयपुर 30 मार्च 2026। भाजपा नेत्री के कथित दुष्कर्म और ब्लैकमेल के चर्चित मामले में पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। जांच में सामने आया है कि आरोपी वकील के उपकरणों से 24 अश्लील वीडियो बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, ये वीडियो रिकॉर्ड कर महिला को ब्लैकमेल करने में इस्तेमाल किए जा रहे थे।

पीड़िता ने 12 फरवरी को शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया। शिकायत के अगले ही दिन पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।

जांच अधिकारी के मुताबिक, आरोपी के मोबाइल, लैपटॉप और अन्य डिवाइस जब्त किए गए, जिनसे कई आपत्तिजनक वीडियो मिले। पुलिस ने बताया कि वीडियो रिकॉर्डिंग और एडिटिंग का सिलसिला नवंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच चला। कुछ वीडियो मोबाइल में भी ट्रांसफर किए गए थे।

मामले में पुलिस ने गवाहों के बयान भी दर्ज किए हैं, जिनमें उस दुकान के मालिक का बयान शामिल है जहां से आरोपी ने हिडन कैमरे खरीदे थे। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने एक डिजिटल डिवाइस में छिपा कैमरा लगाकर रिकॉर्डिंग की थी।

पीड़िता के अनुसार, एक दिन आरोपी ने उसे ठंडा पेय पदार्थ दिया, जिसमें नशीला पदार्थ मिला था। होश में आने पर उसे घटना का पता चला और आरोपी ने वीडियो दिखाकर धमकाना शुरू कर दिया।

लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच जारी रखी है। आरोपी पक्ष ने आरोपों को झूठा बताते हुए साजिश का दावा किया है।

#UdaipurNews #RajasthanCrime #UdaipurPolice #CrimeNewsIndia #BreakingNews #BlackmailCase #HiddenCamera #ITAct #RajasthanNews #UdaipurUpdates #LawAndOrder #IndiaNews