उदयपुर ACB की बड़ी कार्रवाई: प्रतापनगर थाने का ASI 1 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार

आरोप है कि आरोपी ASI ने रेप की कोशिश और छेड़छाड़ के मामले में FIR दर्ज नहीं करने और कार्रवाई रोकने के बदले रिश्वत मांगी थी
 | 
ACB officials arrest Pratap Nagar Police Station ASI Sunil Bishnoi in Udaipur bribery case involving ₹1 lakh trap operation | ACB अधिकारियों ने उदयपुर के रिश्वत मामले में प्रताप नगर पुलिस थाने के ASI सुनील बिश्नोई को गिरफ़्तार किया; यह मामला ₹1 लाख के ट्रैप ऑपरेशन से जुड़ा है।

उदयपुर, May 17: उदयपुर एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने रविवार शाम एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतापनगर थाने में तैनात ASI सुनील बिश्नोई को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी ASI पर रेप की कोशिश और छेड़छाड़ के मामले में मुकदमा दर्ज नहीं करने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार आरोपी ASI शिकायतकर्ता को लगातार धमका रहा था और रिश्वत नहीं देने पर झूठे मामले में फंसाने की बात कह रहा था। इससे परेशान होकर शिकायतकर्ता ने ACB से संपर्क कर पूरे मामले की शिकायत दर्ज करवाई।

शिकायत की पुष्टि होने के बाद ACB ने जाल बिछाया। शिकायतकर्ता ने शोभागपुरा स्थित ऑर्बिट रिसॉर्ट की पार्किंग में ASI सुनील बिश्नोई को 1 लाख रुपए देने के लिए बुलाया। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की राशि ली, पहले से मौके पर मौजूद ACB टीम ने उसे दबोच लिया।

ACB के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है, और मामले में आगे की जांच जारी है। उन्होंने बताया कि एक महिला ने रेप की कोशिश और छेड़छाड़ के आरोप में थाने में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन मामला दर्ज करने के बजाय शिकायत को लंबित रखा गया और कार्रवाई नहीं करने के बदले रिश्वत मांगी गई।

गौरतलब है कि ASI सुनील बिश्नोई पहले सुखेर थाने में तैनात थे। सितंबर 2025 में RDX क्लब एंड बार में ग्राहकों के साथ मारपीट के मामले में कार्रवाई नहीं करने के आरोप भी उन पर लग चुके हैं। उस मामले में लापरवाही बरतने पर तत्कालीन SP ने उन्हें हटाकर DSP ऑफिस वेस्ट में अटैच कर दिया था।

#Udaipur #UdaipurNews #ACBUdaipur #RajasthanNews #PoliceCorruption #PratapNagarPolice #CrimeNews #UdaipurCrime #AntiCorruptionBureau #RajasthanPolice #BreakingNews #UdaipurTimes

#उदयपुर #उदयपुरसमाचार #ACBUdaipur #राजस्थानसमाचार #पुलिसभ्रष्टाचार #प्रतापनगरपुलिस #अपराधसमाचार #उदयपुरअपराध #भ्रष्टाचारनिरोधकब्यूरो #राजस्थानपुलिस #ब्रेकिंगन्यूज़ #UdaipurTimes