उदयपुर पुलिस का बड़ा अभियान: 276 अपराधी गिरफ्तार

641 स्थानों पर दबिश

 | 
udaipur police

उदयपुर 22 सितंबर 2025। वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी एवं एरिया डोमिनेंस अभियान के तहत उदयपुर पुलिस ने रविवार अलसुबह बड़ी कार्यवाही करते हुए जिलेभर में दबिश देकर 276 अपराधियों और आपराधिक प्रवृत्ति के बदमाशों को गिरफ्तार किया।

महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव और ज़िला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशन में यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ज़िलेभर में अपराधियों की धरपकड़ और रोकथाम के लिए आकस्मिक चेकिंग व दबिश दी गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा, मुख्यालय एएसपी गोपाल स्वरूप मेवाड़ा और खेरवाड़ा एएसपी अंजना सुखवाल के सुपरविजन में जिले के सभी थानों से 101 से अधिक टीमों का गठन किया गया। करीब 410 पुलिस अधिकारी और जवानों ने एक साथ कार्रवाई करते हुए 641 स्थानों पर दबिश दी।

पुलिस ने 76 स्थाई/गिरफ्तारी वारंटी, 13 सामान्य मामलों में वांछित आरोपी और 181 लोगों को निरोधात्मक कार्रवाई के तहत गिरफ्तार किया। इसके अलावा आबकारी अधिनियम के तहत 6 प्रकरण दर्ज कर 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही 68 हिस्ट्रीशीटरों के घर दबिश देकर पूछताछ की गई।

ज़िला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि अपराध और अपराधियों की सूचना पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।