उदयपुर, 20 अक्टूबर 2025। शहर में दिवाली की रौनक इस बार कुछ अलग ही नजर आई। उदयपुर साइकिलिंग क्लब और बिंदास राइडर्स ने मिलकर एक अनोखी “जगमगाती साइकिल राइड” का आयोजन किया, जिसमें साइकिलों पर रंग-बिरंगी लाइट्स लगाकर शहर की सड़कों को रोशन किया गया।
यह पहल पिछले वर्ष 2024 में उदयपुर साइकिलिंग क्लब द्वारा शुरू की गई थी, जिसे इस वर्ष और भव्य रूप दिया गया। इस बार करीब 35 साइकिलिस्टों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने अपने साइकिल के पहियों, फ्रेम और हेलमेट पर लाइट्स की लड़ियां सजाईं और दिवाली की खुशियों को नए अंदाज़ में मनाया।
राइड की शुरुआत सुबह 4:30 बजे UIT सर्कल से हुई, जो चेतक सर्कल, रानी रोड होते हुए फतेहपुरा पर समाप्त हुई। शहर की सड़कों पर जब ये रोशनी से सजी साइकिलें दौड़ रही थीं, तो हर राहगीर ठहरकर उन्हें कैमरे में कैद करने से खुद को रोक नहीं पाया।

राइड में 6 साल के छोटे बच्चे से लेकर अनुभवी साइकिलिस्टों तक ने भाग लिया। सभी ने दीपावली के इस पर्व पर भाईचारे, प्यार और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उदयपुर साइकिलिंग क्लब और बिंदास राइडर्स ने बताया कि उनका उद्देश्य त्योहारों को फिटनेस और खुशी के साथ जोड़ना है। क्लब ने सभी शहरवासियों से अपील की कि वे अगली बार इस मुहिम का हिस्सा बनें और सभी को दीपावली की शुभकामनाएँ दीं।