नई दिल्ली 10 मई 2025। पहलगाम आतंकी हमला और ऑपरेशन सिंदूर के बाद लगातार भारत पाकिस्तान के बीच सीमा पर मचे घमासान के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है जहाँ भारत और पाकिस्तान के बीच आज 10 मई 2025 भारतीय समयानुसार शाम 5 बजे से सीजफायर लागू हो गया है। विदेश मंत्रालय ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है। विदेश सचिव विक्रम मिस्त्री ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि भारत ने अपनी शर्तों पर इस सीजफायर के लिए सहमति दी है।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा 'पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशक (DGMO) ने आज दोपहर करीब साढ़े 3 बजे भारतीय DGMO को फोन किया। उनके बीच सहमति बनी कि दोनों पक्ष भारतीय मानक समयानुसार शाम 5 बजे से जमीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद कर देंगे। आज दोनों पक्षों को इस सहमति को लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। सैन्य संचालन महानिदेशक 12 मई को फिर से बात करेंगे।"
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने किया था सीजफायर का दावा
इससे पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान के बीच सीज़फायर की बात कही थी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा "अमेरिका की मध्यस्थता में एक लंबी रात की बातचीत के बाद, मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान पूर्ण और तत्काल संघर्षविराम पर सहमत हो गए हैं"
पाकिस्तानी उप प्रधानमंत्री ने भी कबूली बात
ट्रंप के ट्वीट के बाद पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इस्हाक़ डार ने भी सीज़फायर की बात कही। उन्होंने एक्स पर कहा "पाकिस्तान और भारत तत्काल प्रभाव से संघर्षविराम पर सहमत हो गए हैं। पाकिस्तान ने हमेशा अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता से समझौता किए बिना क्षेत्र में शांति और सुरक्षा के लिए प्रयास किया है।"
यह कदम दोनों देशों के बीच तनाव को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, अभी अन्य मुद्दों पर बातचीत की कोई योजना सामने नहीं आई है।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal