देवला में अवैध क्लिनिक सीज, एक्स-रे मशीन और दवाइयां जब्त

बिना डॉक्टर व रेडियोलॉजिस्ट के चल रहा था क्लिनिक

 | 

उदयपुर 30 सितंबर 2025। चिकित्सा विभाग उदयपुर ने सोमवार को कोटड़ा के देवला में अवैध रूप से संचालित एक क्लिनिक पर कार्रवाई कर उसे सीज कर दिया। मौके पर न तो कोई योग्य डॉक्टर मिला और न ही सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था। 

क्लिनिक पर बिना रेडियोलॉजिस्ट एक्स-रे मशीन भी चलाई जा रही थी। टीम ने मौके से दवाइयां, बायो मेडिकल वेस्ट और अन्य सामग्री जब्त की।

ग्रामीणों की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। शिकायत में बताया गया था कि देवला हाईवे पर मेडिकल स्टोर की आड़ में अवैध क्लिनिक चल रहा है, जहां बिना किसी योग्य डॉक्टर और रेडियोलॉजिस्ट के मरीजों को इंजेक्शन और ड्रिप दी जा रही थी। इतना ही नहीं, नियमों की अनदेखी करते हुए एक्स-रे मशीन भी संचालित की जा रही थी।

शिकायत मिलते ही चिकित्सा विभाग सक्रिय हुआ और मेरपुर नायब तहसीलदार ककुआराम के नेतृत्व में टीम देवला पहुंची। इस टीम में देवला स्वास्थ्य केंद्र इंचार्ज डॉ. विजय रूलानिया और स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी शामिल थे।

टीम ने मौके से भारी मात्रा में दवाइयां, सीरिंज और बायो मेडिकल वेस्ट जब्त किया और क्लिनिक को तुरंत सीज कर दिया। कार्रवाई के दौरान यहां कार्यरत एक युवक टीम को देखकर मौके से भाग गया। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था के लिए बेकरिया थाने से हेड कांस्टेबल कालूलाल सहित पुलिस जाब्ता भी मौके पर मौजूद रहा।
 

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal