Salumber:सरकारी स्कूल में मिड-डे मील खाने से 40 बच्चे बीमार
बच्चों के परोसे गए खाने में छिपकली मिलने की बात सामने आई
सलूंबर 16 सितंबर 2025। ज़िले के लसाड़िया गांव में मंगलवार को एक गंभीर घटना सामने आई, जब राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल के बच्चों ने मिड-डे मील खाने के बाद उल्टी, दस्त और चक्कर आने की शिकायत की। जानकारी मिलने पर सभी 40 बच्चों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्चों के परोसे गए खाने में छिपकली मिलने की बात सामने आई, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
घटना लसाड़िया के डाईखेड़ा में स्थित स्कूल की है। जानकारी के अनुसार, बच्चों को परोसी गई दाल में छिपकली गिर गई थी। जैसे ही बच्चों ने वह दाल खाई, वे बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर पहुंची चिकित्सा विभाग की टीम ने बच्चों का उपचार किया। सलूंबर के ज़िला कलेक्टर अवधेश मीणा और ADM राजलक्ष्मी गहलोत भी अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली और परिजनों से बातचीत की।
धरियावद विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार कन्हैया लाल मीणा ने बताया कि ग्रामीणों ने उन्हें सूचना दी थी कि स्कूल में मिड-डे मील के बाद बच्चे बीमार हो गए हैं और खाने में छिपकली मिली है। इस पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी पवन रावल ने बताया कि स्कूल स्टाफ और ग्रामीणों की मदद से बच्चों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। बच्चों ने उल्टी और पेट दर्द की शिकायत की। दो छात्रा और एक अन्य ने भी साफ-साफ छिपकली खाने में मिलने की बात कही है।
इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए गए हैं। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्कूल में खाने की गुणवत्ता और सेनेटेशन व्यवस्था की भी समीक्षा की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटना न दोहराई जाए।
#Salumber #MidDayMeal #RajasthanNews #FoodPoisoning #SchoolSafety #ChildHealth #GovernmentSchool #UdaipurTimes #EducationNews #SchoolMeal
