उदयपुर नगर निगम 2026-27का बजट पारित; विभिन्न माध्यमों से बढ़ेगी निगम को आय

विभिन्न माध्यमों से बढ़ेगी निगम को आय; एलिवेटेड रोड पर निगम करेगा 100 करोड़ का खर्च
 | 

उदयपुर, March 30, 2026: वित्तीय वर्ष 2026-27 में नगर निगम का वार्षिक बजट निगम प्रशासक प्रज्ञा केवलरमणि की अध्यक्षता में पारित किया गया। इस दौरान निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, निगम अधीक्षण अभियंता मनीष अरोड़ा, लेखाधिकारी बाबूलाल बंजारा, सहायक लेखाधिकारी दिलीप सिंह चौहान, जगदीश सालवी, अधिशाषी अभियंता अखिल गोयल, रितेश पाटीदार, लखन लाल बैरवा, स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा, संस्थापन प्रभारी देवेंद्र सिंह राठौड़ आदि उपस्थित रहे। इस वर्ष निगम ने 589.77 करोड़ रुपए का महत्वपूर्ण बजट प्रस्तुत करते हुए शहर के समग्र विकास, सौंदर्यीकरण के साथ ही निगम में सम्मिलीय नए क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया है।

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि निगम द्वारा किए गए कार्यों के परिणामस्वरूप इस वर्ष आय वृद्धि के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। गत वर्ष राज्य सरकार द्वारा नगरीय विकास कर संग्रहण हेतु 20 करोड़ रुपए का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके विरुद्ध निगम ने 105 प्रतिशत की उपलब्धि हासिल की। इसी क्रम में वर्ष 2026-27 के लिए UD टैक्स संग्रहण का लक्ष्य बढ़ाकर 22.5 करोड़ रुपए रखा गया है।

विभिन्न माध्यमों से बढ़ेगी निगम को आय

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि निगम की आय बढ़ाने के लिए भू-संपत्तियों की नीलामी के माध्यम से 10 करोड़ रुपए अर्जित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त राज्य वित्त आयोग एवं केंद्रीय वित्त आयोग से प्राप्त होने वाली राशि एवं शेष अनुदान के माध्यम से 45 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्य करवाए जाएंगे। डीएमएफटी मद से भी 20 करोड़ रुपए पूंजीगत कार्यों में व्यय किए जाएंगे।

एलिवेटेड रोड पर निगम करेगा 100 करोड़ का खर्च

शहर की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने हेतु बजट में कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड योजना पर वर्ष 2026-27 में 100 करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे, जिसमें से 50 करोड़ उदयपुर विकास प्राधिकरण से प्राप्त होंगे। वहीं एबीडी प्रोजेक्ट के अंतर्गत बिछाई गई सीवरेज लाइनों के संचालन एवं रख-रखाव हेतु 20 करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध कराई जाएगी, जिसमें से प्रतिवर्ष 3 करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे।

निगम में सम्मिलित नए क्षेत्रों पर रहेगा विशेष फोकस

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने निगम द्वारा प्रस्तुत किए गए वर्ष 2026- 27 के बजट में निगम में सम्मिलित किए गए नए क्षेत्रों पर विशेष फोकस रखने के निर्देश दिए है, इसी को लेकर बजट में इन क्षेत्र हेतु अलग से योजना बनाई गई है जिससे सभी क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को बढ़ाया जा सके। सीमा के विस्तार के बाद नव सम्मिलित ग्राम पंचायत क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए 10 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। साथ ही नई सड़कों के निर्माण हेतु 10 करोड़ रुपए तथा कच्ची बस्तियों में सड़क निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपए निर्धारित किए गए हैं।

शहर में झूलते तार होंगे भूमिगत

उदयपुर शहर की सुंदरता को और अधिक बढ़ाने के लिए नगर निगम द्वारा विशेष ध्यान रखा गया है। शहर में हवा में झूलते हुए तारों को भूमिगत किया जाएगा इसी को लेकर निगम द्वारा विशेष बजट का प्रावधान रखा गया है। आयुक्त अभिषेक खन्ना के अनुसार बिजली के केबल को अंडरग्राउंड करने के लिए बजट में 5 करोड़ रुपए निर्धारित किए गए हैं।

शहर में विकसित होंगे नए पार्किंग स्थल

उदयपुर शहर में आने वाले पर्यटकों को वाहन पार्किंग की सुलभ सुविधा हेतु नगर निगम द्वारा इस बजट में शहर के  प्रमुख स्थानों पर नए पार्किंग स्थल विकसित करने का प्रावधान रखा गया है। आयुक्त खन्ना के अनुसार शहर में पार्किंग समस्या के समाधान हेतु निगम द्वारा 3 करोड़ रुपए के प्रावधान के साथ नई पार्किंग सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत होंगे कार्य

उदयपुर शहर में निवासरत नागरिकों हेतु स्वच्छ वायु सुनिश्चित करने के लिए नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (NCAP) के तहत लगभग 8.24 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इस योजना के तहत शहर में रोड किनारे सीमेंट ब्लॉक लगवाए जाएंगे।

शहर के पार्कों में होंगे विकास कार्य

शहर वासियों के साथ साथ पर्यटकों का प्रमुख आकर्षक स्थल गुलाब बाग के विकास एवं सौंदर्यीकरण हेतु निगम बजट में 2 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है। गुलाब बाग में प्रतिदिन हजारों की संख्या में शहर वासी प्रतिदिन घूमने पहुंचते हैं साथ ही उदयपुर शहर में आने वाले पर्यटक का भी पसंदीदा स्थान है इस हेतु इस वर्ष गुलाब बाग में विकास कार्य को लेकर बजट का प्रावधान किया गया है। निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के अनुसार गुलाब बाग के साथ ही अन्य पार्कों के विकास के लिए भी 5 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसी के साथ शहर में संचालित 79 अनुदानित पार्कों के रख-रखाव हेतु स्थानीय समितियों को 50 लाख रुपए का अनुदान भी दिया जाएगा।

घर घर कचरा संग्रहण पर खर्च होंगे 6.8 करोड़

शहर को स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए घर-घर कचरा संग्रहण हेतु 6.80 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इस कार्य में जन सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए 3 करोड़ रुपए यूजर चार्ज के रूप में प्राप्त किए जाएंगे। डिपोजिट वर्क के रूप में सफाई कार्यों पर 3.99 करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे, जिसकी प्रतिपूर्ति उदयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा की जाएगी।

यह होंगे अन्य महत्वपूर्ण कार्य

निगम बजट के अंतर्गत शहर में जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नालियों के रख-रखाव पर 12 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। पुरानी सीवरेज लाइनों के रख-रखाव पर 3 करोड़ तथा निगम द्वारा संचालित गौशाला के लिए 3.50 करोड़ रुपए, स्ट्रीट लाइट के रख-रखाव हेतु 2 करोड़ तथा उनके संचालन-संधारण पर 6.39 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त, श्मशान घाटों के निर्माण एवं पुनर्निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।

निगम प्रशासक प्रज्ञा केवलरमानी ने बजट प्रस्तुत करते हुए कहा कि नगर निगम का यह बजट शहर के सतत विकास, बेहतर आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छता सुधार, पर्यावरण संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण की दिशा में एक मजबूत पहल सिद्ध होगा। इससे न केवल शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी, बल्कि उदयपुर को एक आधुनिक एवं सुव्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करने में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

#Udaipur #UdaipurNews #RajasthanNews #UdaipurDevelopment #SmartCityUdaipur #NagarNigam #UrbanDevelopment #CleanAirIndia #NCAP #UdaipurUpdates #RajasthanGovernment #Infrastructure #CityDevelopment #GulabBagh #UdaipurTourism